LUCKNOW : यूपी 100 की गाडि़यों में अब महिला पुलिस कर्मी भी तैनात की जाएंगी। महिला पीडि़ता के कंट्रोल रूम पर फोन करके मदद मांगे जाने पर महिला पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच कर उसकी समस्या का समाधान करेंगी। इससे शिकायतकर्ता महिला सहज होकर अपनी बात रख सकेगी। ये बातें डीजीपी ओपी सिंह ने कही। वह बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित महिला सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान डीजीपी ने उत्कृष्ट काम के लिए 15 महिला पुलिस कर्मियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

थाने में बनेंगे महिला टॉयलेट

इससे पूर्व डीजीपी ने प्रदेश के सभी थानों में महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने का आदेश जारी किया। डीजीपी ने पुलिस लाइन पहुंच कर महिला पुलिस कर्मियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिला कर्मचारियों से ड्यूटी के दौरान उन्हें होने वाली समस्याएं भी सुनी। एक महिला सिपाही ने डीजीपी को बताया कि थानों में महिलाओं के लिए टॉयलेट की अलग व्यवस्था नहीं है, इससे खासी परेशानी होती है। इस पर डीजीपी ने एसएसपी दीपक कुमार को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द जनपद के सभी थानों में महिला पुलिस कर्मियों के लिए अलग टॉयलेट का प्रबंध करवाएं।

रात को मिलेगी कैब सेवा

एक महिला पुलिस कर्मी ने बताया कि कई बार जरूरत पड़ने पर रात के समय ड्यूटी पर बुला लिया जाता है। वाहन न होने से उन्हें थाने पहुंचने में खासी परेशानी होती है, इससे देर भी हो जाती है। इस पर डीजीपी ने कहा कि रात के समय ड्यूटी पर बुलाए जाने पर महिला पुलिस कर्मियों को कैब सेवा उपलब्ध कराई जाए। डीजीपी ने कहा कि संबंधित थानाध्यक्ष की यह जिम्मेदारी होगी कि वह महिला पुलिस कर्मियों के लिए वाहन की व्यवस्था करें।