-5 नवम्बर को है धनतेरस, राशि के अनुसार खरीदारी करना होगा शुभ

bareilly@inext.co.in
BAREILLY: दीपावली पर्व कार्तिक कृष्णपक्ष त्रयोदशी यानि धनतेरस से शुरू होगा। इसी दिन आयुर्वेद के देवता धनवंतरी की जयंती मनाई जाएगी। इसी के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। इस दिन मंगल अपनी उच्च राशि मकर में और देव गुरु बृहस्पति मंगल की राशि वृश्चिक में होने से धनतेरस खास बन रहा है। ज्योतिषाचार्यो के अनुसार इस दिन अपनी राशि के अनुसार खरीदारी करना विशेष फलदायी होगा।

धनतेरस से शुरू होगा दीपोत्सव

धनतेरस के बाद 6 नवम्बर को रूप चतुर्दशी यानि छोटी दिवाली और 7 नवम्बर को दीपावली, 8 को गोवर्धन पूजा और 9 नवम्बर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। इसी के साथ पांच दिनी प्रकाश पर्व संपन्न हो जाएगा।

शुभ मुहूर्त में खरीदारी से होगा लाभ

आचार्य हरिश्चंद्र द्विवेदी ने बताया कि त्रयोदशी तिथि चार नवम्बर रविवार को रात 12.51 बजे से शुरू होगी। जो पांच नवम्बर सोमवार को रात 11.17 बजे तक रहेगी। उसी दिन उत्तरा हस्त नक्षत्र विष्कुम और वज्र योग व्याप्त रहेगा। इसी दिन तुला राशि में स्वगृही होकर मालव्य योग रहेगा। मंगल अपनी उच्च राशि मकर में, देव गुरु बृहस्पति मंगल की राशि वृश्चिक में रहेंगे, इससे धनतेरस खास बन रहा है। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में राशि के अनुसार खरीदारी करना निरोग के साथ शुभ फलदायी होगा।

इसलिए धनतेरस का है महत्व

धनतेरस का प्रसंग समुद्र मंथन से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान भगवान धनवंतरी एक हाथ में अमृत कलश और दूसरे हाथ में आयुर्वेद ग्रंथ लेकर प्रकट हुए थे। इसका संदेश सृष्टि में यही गया कि स्वस्थ तन ही अमृत है। इस रात को यम दीपक भी जलाया जाता है.

इस समय खरीदारी शुभ

-सुबह 7.07 बजे से 9.15 बजे तक

-दोपहर 1.00 से 2.30 बजे तक

-शाम 5.35 बजे से 7.30 बजे