- करवाचौथ पर बाजारों में बिखरी रौनक, अब बस चांद के दीदार का इंतजार

- इस बार पारंपरिक मेहंदी के साथ राजस्थानी और अफगानी मेहंदी का भी क्रेज

LUCKNOW : शनिवार को पड़ रहे करवाचौथ के व्रत की रौनक बाजारों में पूरी तरह से नजर आने लगी है। गुरुवार को शहर के सभी प्रमुख बाजारों में महिलाओं की खासी भीड़ देखने को मिली। बाजारों में आलम यह था कि पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कोई महिला सौंदर्य प्रसाधन का सामान खरीद रही थी तो कोई पूजन का। हर किसी के चेहरे पर खुशी के भाव स्पष्ट नजर आ रहे हैं।

मेहंदी का क्रेज

महिलाओं में मेहंदी लगवाने को लेकर भी खासा क्रेज देखने को मिला। हर महिला के मन में अपने हाथों में अलग-अलग मेहंदी लगाने का क्रेज साफ नजर आ रहा था। इंदिरा नगर के भूतनाथ मार्केट में मेहंदी लगाने वाले आज कल काफी व्यस्त दिख रहे हैं। मेहंदी लगाने वाले मो। शुएब ने बताया कि आज कल बड़ी संख्या में महिलाएं मेहंदी लगवाने आ रही हैं। इसके साथ करवा चौथ से एक दिन पहले की भी बुकिंग उन्होंने करा रखी है। कुछ के तो घर पर भी जाकर मेहंदी लगानी है। वहीं हजरतगंज स्थित लवलेन पर भी मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं भी बड़ी संख्या में देखी जा रही हैं।

राजस्थानी और अफगानी मेहंदी का क्रेज

इस बार महिलाओं में करवाचौथ पर राजस्थानी और अफगानी मेहंदी का भी क्रेज दिखाई दे रहा है। राजस्थानी मेहंदी में बनी बारीक कलाकृतियां और विभिन्न प्रकार की छवि महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इसमें भी मोर पंख अंदाज में बनी मेहंदी का नव विवाहिताओं में ज्यादा क्रेज दिखाई दे रहा है। पहले राजस्थानी मेहंदी आमतौर पर विवाह के अवसर पर ही महिलाएं ज्यादा पसंद करती थीं।

बाजारों में बढ़ी रौनक

जैसे-जैसे करवा चौथ नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक भीड़ अमीनाबाद, आलमबाग, हजरतगंज और इंदिरा नगर स्थित भूतनाथ मार्केट में देखी जा रही है।

निर्जल रखेंगी व्रत

कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवाचौथ का व्रत रखा जाता है। इस बार यह व्रत शनिवार को है। इस व्रत में महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना के साथ निर्जल व्रत रखती हैं और पूजन अर्चन के माध्यम से चंद्रमा से अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। ज्योतिषों की माने तो इस बार करवाचौथ सुहागिन महिलाऔं के बेहद सुखद संदेश लेकर आएगा।