92

महाप्रधान हैं जिला पंचायत में जिन्हें मतदान करना था

51

ही शामिल हुए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग में

48

वोट मिले केशरी देवी पटेल के अविश्वास प्रस्ताव को

02

वोट ही मिले भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह को

01

वोट घोषित किया गया अवैध

जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित

छठीं बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगी केशरी देवी पटेल

PRAYAGRAJ: बसपा में रहते जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं केशरी देवी पटेल पार्टी बदल लेने के बाद एक बार फिर इस कुर्सी पर विराजमान हो जाएंगी। वर्तमान में पूर्व विधायक बेटे के साथ भाजपा से जुड़ चुकीं केशरी देवी पटेल ने राजनीत दांव ऐसा खेला कि भाजपा की ही जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने से रोक नहीं पायीं।

सपा से भाजपा में आयी थीं रेखा

सपा की सक्रिय राजनीति कर रहीं रेखा सिंह वर्ष 2013 में जिला पंचायत की कुर्सी पर आसीन हुई। यह इनका दूसरा कार्यकाल था। तीसरी बार उन्होंने 14 जनवरी 16 को जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को संभाली थी। पिछले साल सूबे के सियासी ऊंट ने करवट ले लिया और भाजपा की सरकार बन गई। सूबे में सत्ता परिवर्तन के कुछ माह बाद कुर्सी सुरक्षित रखने के लिए रेखा सिंह सपा का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई। इस बीच बसपा की सक्रिय राजनीति कर रहीं केसरी देवी पटेल ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। पांच बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं केशरी देवी पटेल के भाजपा में आते ही जिला पंचायत का सियासी माहौल गरमाने लगा। अध्यक्ष रेखा सिंह से नाखुश जिला पंचायत सदस्य केशरी देवी के साथ लामबंद हो गये। इसी के आधार पर केशरी देवी ने एक पखवारे पहले अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दी। डीएम ने गुरुवार का दिन अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के लिए मुकर्रर किया था।

उछल पड़े केशरी देवी के समर्थक

अधिकारियों की मौजूदगी में जिला पंचायत के पं। मोती लाल नेहरू सभागार में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर चुनाव कराया गया। मतदान के लिए कुल 92 वोटरों में से केवल 51 ही जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। इनमें से 48 ने केशरी देवी पटेल के पक्ष में वोटिंग की। रेखा के पक्ष में मात्र दो वोट पड़े। एक वोट इनवैलिड घोषित कर दिया। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह कुर्सी गंवा बैठीं। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने की सूचना मिलते ही केशरी देवी के समर्थ खुशी से उछल पड़े। जिला पंचायत गेट पर सैकड़ों की संख्या में मौजूद समर्थक जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।

जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल

नाम कब से कब तक

विश्राम दास 23.05.1995 से 06.04.2000

केशरी देवी पटेल 10.04.2000 से 10.07.2000

केशरी देवी पटेल 06.08.2000 से 3107.2005

अशोक कुमार 01.08.2005 से 23.09.2005

केशरी देवी पटेल 24.09.2005 से 08.10.2005

रेखा सिंह 14.01.2006 से 14.12.2007

केशरी देवी पटेल 19.12.2007 से 13.01.2011

केशरी देवी पटेल 14.01.2011 से 12.11. 2012

रेखा सिंह 28.01.2013 से 13.01.2016

रेखा सिंह 14.01.2016 से

केशरी के समर्थन में पहुंचे कई कद्दावर

केशरी देवी पटेल के समर्थन में जिला पंचायत गेट पर सुबह से ही भाजपा व कद्दावर नेताओं का जमावड़ा रहा। प्रतापगढ़ के विश्वनाथगंज के अपना दल के विधायक डॉ। आरके वर्मा, पूर्व विधायक व केसरी देवी के पुत्र दीपक पटेल, पूर्व विधायक गुरू प्रसाद मौर्य, फूलपुर विधायक प्रवीण पटेल, फाफामऊ विधायक विक्रमाजीत मौर्य, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, फूलपुर विधायक प्रवीण पटेल, पूर्व विधायक गुरू प्रसाद मौर्य, यमुनापार अध्यक्ष भाजपा शिवदत्त पटेल, जिलाध्यक्ष गंगापार भाजपा अमरनाथ तिवारी, सहित भाजपा के कई कद्दावर ने मौजूद रहे।