-महिला की शर्त शहर में पति किराए पर ले मकान तभी रहूंगी साथ

BAREILLY :

पति शहर में नहीं रहना चाहता है, वह गांव में रहना चाहता है, लेकिन मुझे गांव में नहीं रहना है। इसीलिए मुझे पति से तलाक चाहिए। यह बात परिवार परामर्श केन्द्र पर पति के साथ पहुंची महिला ने काउंसलर से कही। महिला का आरोप था कि पति शादी के चार वर्ष बाद तक उसके साथ शहर में रहा, लेकिन अब वह शहर में नहीं गांव में रहना चाहता है। इसीलिए वह पति से तलाक लेना चाहती है। परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलर ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं हुई। जिसके बाद महिला को अगली तारीख दे दी गई।

पति करता है प्राइवेट जॉब

प्रेमनगर के बानखाना निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी चार वर्ष पहले भोजीपुरा निवासी आरिफ उर्फ नन्हें के साथ हुई थी। आरिफ शहर के मोहल्ला बानखाना में किराए पर रहकर निजी कंपनी में काम करता है। महिला का आरोप है कि पति ने डेढ़ माह पहले गांव में रहने लगा। तब से वह मायके में रहती है। पति उसे शहर में किराए पर रखने को तैयार नहीं है। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। इसीलिए वह पति से तलाक लेना चाहती है। काउंसलर ने काफी समझाने पर महिला ने शर्त रखी कि पति उसे शहर में रखेगा तभी पति के साथ रहेगी।