- सत्येंद्र सिंह बने राजधानी के नये डीएम

LUCKNOWW: शुक्रवार को 21 आईएएस अधिकारियों का तबादले कर दिये गये। इसमें लखनऊ के डीएम राजशेखर का नाम भी शामिल है। इसके साथ दो प्रमुख सचिवों के भी कार्यक्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। वेटिंग में चल रहे पीके महान्ति को प्रमुख सचिव पशुधन बनाया गया है। साथ ही मुकुल सिंघल को प्रमुख सचिव नियोजन विभाग एवं महानिदेशक राज्य नियोजन संस्थान बनाया गया है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने तीन साल तक एक जगह जमे अफसरों के हटाने के निर्देश दिया थे। क्योंकि एक सितंबर से वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों के तबादले पर चुनाव आयोग रोक लगाने जा रहा है।

सत्येंद्र सिंह लखनऊ के नये डीएम

लखनऊ के डीएम रहे राजशेखर को बरेली का डीएम बनाया गया हैं। उनके स्थान पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीएए) के वीसी सत्येंद्र सिंह को लखनऊ का डीएम बनाया गया है। इसके अलावा आठ अन्य जिलों के डीएम भी बदले गये हैं। आगरा के डीएम पंकज यादव अब गृह विभाग में विशेष सचिव होंगे। बरेली के डीएम गौरव दयाल अब आगरा के डीएम होंगे। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के डायरेक्टर अनूप कुमार यादव को एलडीए का वीसी बनाया गया है। उन्नाव की डीएम सौम्या शुक्ला को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव बनाया गया है। कौशल विकास मिशन के निदेशक सुरेंद्र सिंह को उन्नाव का डीएम बनाया गया है। मिर्जापुर के डीएम राजेश कुमार सिंह को विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। कंचन वर्मा अब मिर्जापुर की डीएम होंगी। प्रीति शुक्ला को बलरामपुर के डीएम के पद से हटाकर लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। राम विशाल मिश्रा डीएम बलरामपुर बनाये गये हैं। अम्बेडकरनगर के डीएम विवेक को कानपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी का वीसी बनाया गया है। डॉ। सुरेंद्र कुमार अब अम्बेडकर नगर के डीएम होंगे। फर्रुखाबाद के डीएम कर्ण सिंह चौहान को कृषि उत्पादन आयुक्त का विशेष सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर भदोही के डीएम प्रकाश बिंदु को भेजा गया है। झांसी के चंद्र विजय सिंह अब झांसी में ही विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष होंगे। नवनीत सिंह चहल को झांसी का सीडीओ बनाया गया है।

83 पीसीएस के भी तबादले

शासन ने 83 पीसीएस के भी तबादले कर दिये हैं। इसमें लखनऊ में एडीएम एफआर धनंजय शुक्ला, एडीएम अनिल कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार का भी तबादला कर दिया गया है।