अप्रैल फूल नहीं इस बार मनाएं 'अप्रैल कूल'

एक अप्रैल को एक पौधा रोपने का अभियान

मेरठ। पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें निश्चित तौर पर संजीदगी दिखानी होगी, तभी हम आने वाली पीढ़ी को हरा भरा माहौल दे सकेंगे। आइए आज फ‌र्स्ट अप्रैल के दिन हंसी मजाक और चटखारेबाजी की बजाए पर्यावरण संरक्षण के लिए एक अच्छी शुरूआत करें। फ‌र्स्ट अप्रैल को हम 'अप्रैल फूल' नहीं बल्कि 'अप्रैल कूल' के रूप में मनाएं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के इस अभियान में शामिल होकर एक पौधा रोपने का संकल्प लें।

जरूरी है संजीदगी

पौधों के संरक्षण के लिए आम लोगों की पहल और विभागों की संजीदगी जरूरी है। हालत यह है कि बीते साल कलक्ट्रेट के पास सड़क निर्माण के दौरान 478 पेड़ काटे गए थे। एनजीटी के आदेश के बाद पौधे तो रोपे गए लेकिन सूख गए। एमडीए ने अपने परिसर में ही घास लगाने में 70 हजार खर्च किए, वहीं 'क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी' के तहत 100 रुपये का पौधा 1000 रुपये में खरीदा गया किंतु वो भी नष्ट हो गया।

ये है मेरठ की तस्वीर

कुल वन क्षेत्र-2590 वर्ग किमी

मध्यम घना वनक्षेत्र-34 वर्ग किमी

खुला वनावरण-32 वर्गकिमी

कुल क्षेत्र-66 वर्गकिमी

कुल क्षेत्रफल पर वन-2.55 फीसद

उप्र का वनावरण-7.25 फीसद

सरकार के निर्देश पर वन विभाग आगामी वर्षाकाल में एक वृक्ष एक व्यक्ति अभियान आरंभ कर रहा है। जनजागरूकता के माध्यम से प्रदेश के हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा रोपने और संरक्षित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की पहल सराहनीय है।

-अदिति शर्मा, डीएफओ, मेरठ

दैनिक जागरण आई नेक्सट का यह अच्छा अभियान है। हर किसी को पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए एक पौधा रोपना चाहिए। यही नहीं उस पौधे की देखभाल भी करनी चाहिए।

राजेंद्र अग्रवाल, सांसद मेरठ-हापुड़ लोकसभा

यह दैनिक जागरण आई नेक्स्ट का एक बहुत सराहनीय कदम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा रोपे तो पर्यावरण शुद्ध करने में बहुत मदद मिलेगी। मैं प्रयास करूंगी कि अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित कर पौधरोपण कराऊं।

डॉ। मधु वत्स, पर्यावरणविद

यदि हर आदमी एक पौधा रोपे तो वाकई में पर्यावरण कूल हो जाएगा। पर्यावरण को कूल करने के लिए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की यह एक बहुत अच्छी पहल है। पेड़ पौधे होंगे तब ही हम होंगे।

रमन त्यागी, नीर फाउंडेशन