-हादसे के दो दिन बाद हादसे के मामले में आया मोड़

ALLAHABAD: कौशांबी बाईपास के निकट तीन दिन पूर्व एक हादसे में डाक्टर जेजे सिंह की मौत के बाद परिवार वालों ने हत्या की रिपोर्ट कोखराज थाने में दर्ज कराई है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने लाल बिहारा निवासी शकील व उसके कुछ साथियों समेत एक ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चल रहा था विवाद

धूमनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर जेजे सिंह का इलाके में हास्पिटल है। वह क्षेत्र के काफी नामी डॉक्टर थे। 24 दिसंबर को वह अपने कुछ साथियों के साथ कोखराज एरिया बाईपास स्थित अपना निर्माणाधीन अस्पताल देखकर लौट रहे थे। तभी ट्रक की टक्कर लगने से उनकी मौत हो गई। इस मामले में दो दिन बाद नया मोड़ आ गया है।

इस मामले में तहरीर देते हुए विजय किशोर सिंह ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर जेजे सिंह का लाल बिहारा के रहने वाले मो। शकील से जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इस दौरान उसने कई बार डाक्टर को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना वाले दिन शकील ने डॉक्टर की गाड़ी को ओवरटेक किया था। इसी के बाद एक ट्रक टक्कर मारते हुए निकल गई। वापसी के दौरान मो। शकील दिखा था। इसी के बाद अचानक एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे डॉक्टर की मौत हो गई। उधर कोखराज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।