- बच्चों का इलाज कर रहे डॉक्टर हो रहे बीमार

- एक अन्य रेजीडेंट डॉक्टर को भी डेंगू के लक्षण

LUCKNOW: डेंगू का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। केजीएमयू में बाल रोग विभाग के एक रेजीडेंट डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साथ ही एक अन्य रेजीडेंट को भी डेंगू के लक्षणों के कारण छुट्टी दे दी गई है। दोनों ही बाल रोग विभाग की इमरजेंसी में डेंगू पीडि़त बच्चों का इलाज कर हरे रहे थे। जबकि बड़ी संख्या में ट्रॉमा सेंटर में ही मरीजों को डेंगू के कारण भर्ती किया गया है।

केजीएमयू में 13 मरीज भर्ती

केजीएमयू के मेडिसिन विभाग में रविवार को डेंगू के 9 संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया। जिनमें 3 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। वहीं बाल रोग विभाग में भी 4 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। अभी इनकी रिपोर्ट नहीं आया है। इनमें 11 वर्षीय अमन (प्लेटलेट 16 हजार), 5 वर्ष के मो। ईशान (प्लेटलेट 20 हजार), 12 वर्ष के शशांक सिंह और 8 वर्ष की हाजरा को भर्ती कराया गया है।

आ रहे गंभीर मरीज

ट्रॉमा में इलाज कर रहे डॉक्टर्स ने बताया रोजाना 6 से 12 तक बच्चे व अधिक उम्र के डेंगू के मरीज गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंच रहे हैं। बच्चों की हालत भी ठीक नहीं है। ज्यादातर प्राइवेट अस्पताल वाले पहले इलाज करते हैं और गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दे रहे हैं। ट्रॉमा में मेडिसिन और बालरोग विभाग में अलग से वार्ड तो है, लेकिन यहां गंदगी के कारण मच्छरों की संख्या बहुत है। जिसके कारण ये मच्छर मरीजों को काटने के बाद डॉक्टर्स व अन्य स्टाफ को अपना निशाना बना कर डेंगू फैला रहे हैं।

लोहिया में भी भर्ती हुए 9 मरीज

लोहिया अस्पताल में भी कई मरीजों को भर्ती कराया गया है जिनमें से 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में भी भर्ती कराए गए 6 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी मरीजों की हालत ठीक बनी हुई है।

नहीं हुआ छिड़काव सफाई

ऐशबाग पुलिस चौकी के पीछे कब्रिस्तान के पास रहने वाले शीतल प्रसाद ने बताया कि यहां गंदगी के कारण बहुत मच्छर हैं। अक्सर लोग बीमारी पड़ते हैं। मच्छर नाशक छिड़काव और सफाई महीने में दो तीन बार हो जाए तो बेहतर है। आधा किलोमीटर पर ही दिनेश शर्मा जी का भी मकान है।

गंदगी से लोग परेशान

कृष्णानगर आशाराम बापू रोड निवासी रवि पाल ने बताया कि यहां कूड़ा पड़ा रहता है लेकिन कोई उठाने नहीं आते। यहां पर तुरंत से छिड़काव की जरूरत है। जिसके कारण इलाके में डेंगू का प्रकोप है।

नगर निगम की लापरवाही से हो गया डेंगू

गोमती नगर स्थित 3/140 विक्रांत खंड निवासी नंद लाल जायसवाल ने बताया कि घर के सामने नाला चोक है। जिसका पानी घर तक भर जाता है। मच्छरों के प्रकोप के कारण उनकी बहू नेहा को डेंगू हो गया था। 27 जून से बार बार नगर निगम को पत्र लिख रहे हैं वह रेप्लाई करते हैं कि सफाई हो चुकी है। जबकि आज तक यहां कोई सफाई के लिए नहीं आया। पास में एक पार्क में नगर आयुक्त आए थे उन्हें भी कंप्लेन की, लेकिन उनकी भी नगर निगम अधिकारियों ने नहीं सुनी। आस पास के बहुत से लोग मच्छरों के कारण बीमारी की चपेट में हैं।

व्हाट्सएप

यहां फॉगिंग की जरूरत

ए /14899/फ् इंदिरा नगर के आस पास फॉगिंग की जरूरत है। सीता नेगी ने बताया कि अब तक आस पास के इलाके में कोई फॉगिंग वैन नहीं आई।

व्हाट्सएप फोटो

अमीनाबाद महिला कॉलेज के सामने कोई कूड़ा उठाने नहीं आता।