RANCHI: राजधानी में पांचवें दिन भी सफाई व्यवस्था ठप रही। दूसरे दिन भी एजेंसी के अधिकारियों ने मिनी ट्रांसफर स्टेशन का ताला नहीं खोला। हड़ताल पर बैठे मजदूर अधिकारियों का इंतजार करते रह गए लेकिन कोई भी वार्ता के लिए नहीं आया। अब एजेंसी और स्टाफ्स की लड़ाई का खामियाजा दस वार्डो के लोग भुगत रहे है। जहां लागातार पांचवे दिन घरों से कचरा कलवेक्शन नहीं किया गया। इसके बावजूद रांची नगर निगम के अधिकारियों की नींद नहीं खुल रही है।

दो दर्जन वार्ड में कंप्लेन

मेकेनाइज्ड क्लीनिंग के तहत सिटी में सफाई की जिम्मेवारी एस्सेल इंफ्रा की एमएसडब्ल्यू को दिया गया था। लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी एजेंसी पूरी राजधानी को कवर नहीं कर पाई है। आज स्थिति यह है कि एजेंसी दो दर्जन वार्ड में भी ढंग से सफाई नहीं कर पा रही है। इसे लेकर एजेंसी को बार-बार चेतावनी भी दी गई। वहीं स्टाफ्स के पेमेंट को लेकर भी अधिकारियों ने फटकार लगाई। लेकिन एजेंसी को अधिकारियों की फटकार का भी कोई असर नहीं पड़ा।

एमएसडब्ल्यू को मिला था टर्मिनेशन नोटिस

साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं करने के कारण रांची नगर निगम ने एमएसडब्ल्यू को टर्मिनेशन नोटिस भी जारी कर दिया था। इसके बाद एजेंसी ने सफाई में तेजी से सुधार किया। यह देखते हुए पहले एजेंसी को एक महीने का एक्सटेंशन दिया गया। इसके बाद एजेंसी और निगम के अधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें दो महीने के अंदर ही सभी वार्डो को कवर करने का आदेश दिया गया। लेकिन आजतक एजेंसी ने किसी भी नए वार्ड में काम शुरू नहीं किया है।