-आज से इलाहाबाद जंक्शन पर रुकेगी रांची राजधानी

- सांसद श्यामाचरण गुप्ता की मांग पर रेल मंत्री ने घोषणा

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: इलाहाबाद जंक्शन को शुक्रवार को सिंगल नहीं बल्कि डबल गिफ्ट मिल गया। एक तरफ जहां देश की सबसे तेज रफ्तार सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस से प्रयागराज डायरेक्ट जुड़ गया। ट्रेन में सफर करते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल खुद इलाहाबाद जंक्शन आए और इसे प्रयागराज के बाशिंदों को सौंपा। वहीं दूसरी तरफ शनिवार से इलाहाबाद जंक्शन झारखंड की राजधानी रांची से भी डायरेक्ट कनेक्ट हो जाएगा। शनिवार से ही रांची राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव इलाहाबाद जंक्शन पर शुरू हो जाएगा। इसकी घोषणा रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में की।

हो रही थी मांग

गौरतलब है कि नई दिल्ली से वाराणसी के लिए जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस लेकर इलाहाबाद जंक्शन पहुंचे रेल मंत्री पीयूष गोयल से सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने रांची राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव इलाहाबाद जंक्शन पर किए जाने और रांची से इलाहाबाद को डायरेक्ट जोड़ने की मांग कर डाली। इसका प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने भी समर्थन किया। मंत्रियों व सांसद की संस्तुति पर रेल मंत्री ने सीआरबी, मेंबर रोलिंग स्टॉक के साथ ही अन्य रेल अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल प्रभाव से बरकाकाना होते हुए रांची जाने वाली 12453 और 12454 रांची राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव शनिवार से ही इलाहाबाद जंक्शन पर किए जाने की घोषणा कर डाली।

कई ऑप्शंस अवेलेबल

इलाहाबाद जंक्शन से नई दिल्ली के लिए प्रयागराज, हमसफर और दूरंतो समेत कई ट्रेनें पहले से अवेलेबल थी, इसके बाद भी इलाहाबाद से शताब्दी एक्सप्रेस चलाने की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। ताकि इलाहाबाद के लोग चंद घंटों में ही देश की राजधानी जा सकें और काम निबटा कर जल्द से जल्द वापस आ सकें। लोगों की इस मांग को पूरी करने के लिए शताब्दी एक्सप्रेस तो नहीं चल सकी, लेकिन उससे भी बेहतर ऑप्शन नई दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा मिल गया, जो अप और डाउन में इलाहाबाद जंक्शन पर भी रुकेगी।

शहीदों को श्रद्धांजलि

वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत के लिए सिविल लाइंस साइड आयोजित समारोह में पहुंचते ही रेल मंत्री व मंच पर मौजूद अतिथियों के साथ अन्य लोगों ने सबसे पहले पुलवामा में शहीद हुए जवानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। दो मिनट का मौन रख कर शोक संवेदना अर्पित की। रेल मंत्री ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव इलाहाबाद जंक्शन पर होने और समारोह को संबोधित करने के बाद रेल मंत्री वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, सांसद श्यामाचरण गुप्ता, सांसद विनोद सोनकर, मेयर अभिलाषा गुप्ता, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, सीआरबी विनोद यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन जीएम एनसीआर राजीव चौधरी ने किया।