25 अक्टूबर को मिले थे दो युवकों के शव

हत्या के आरोपी ममेरे भाई का भी शव मिला

आगरा। सदर के उखर्रा में परिजनों ने ममेरे भाई पर युवक की हत्या का आरोप लगाया था लेकिन मामले में नया मोड़ आ गया है। थाना रकाबगंज एरिया में मिले शव की शिनाख्त राजस्थान से आए लोगों ने आरोपी ममेरे भाई के रूप में की है, अब बड़ा सवाल यह है कि दोनों की मौत का जिम्मेदार कौन है। दोनों रात में खाना खाने के बाद घर से निकले थे।

उखर्रा में मिली थी बॉडी

25 अक्टूबर को उखर्रा खेत में 45 वर्षीय सुभाष चंद पुत्र सुखराम निवासी प्रेम नगर, नई आबादी सदर का शव मिला था। गला घौंट कर हत्या की गई थी। परिजनों ने पहाड़ी मरैना राजस्थान निवासी ममेरे भाई रामेश्वर पुत्र कुंदर सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने उसी दिन शाम को रामेश्वर के बड़े भाई राम बाबू को पकड़ लिया था। 25 अक्टूबर को ही सुभाष का शव मिलने के दो घंटे बाद रकाबगंज स्थित आगरा किले की खाई में एक शव पड़ा मिला था। उस दौरान वहां पर लैबर काम कर रही थी। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। रामेश्वर के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। उनका दावा है कि वह शव रामेश्वर का ही है।

एक दूसरे पर लगा रहे आरोप

अब रामेश्वर के परिजन सुभाष के परिजनों पर दोनों की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि दोनों के बीच गहरा प्रेम था। सुभाष से रामेश्वर ने 60 हजार रुपया एक साल पहले लिया था। थाने में राम बाबू से सुभाष पक्ष ने कहा कि वह उन्हें 90 हजार दें तो मामला खत्म कर सकते हैं और हवालात से भी निकलवा देंगे। दोनों एक साथ घर से निकले। इसके बाद कहां गए इसकी जानकारी किसी को नहीं है। दोनों की मौत हुई है। रामेश्वर के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। दोनों मौतों में किसी तीसरे का हाथ होने की आशंका बन रही है।