Allahabad: प्रतापगढ़ में डेढ़ महीने पहले से मांगे जा रहे गुंडा टैक्स की धमकी को नजर अंदाज करना सगे भाइयों को भारी पड़ गया। बेखौफ नकाबपोश बदमाशों ने कोहड़ौर बाजार में बुधवार की रात करीब आठ बजे दो सगे व्यापारी भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से नाराज व्यापारियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। देर रात तक कातिलों का पता नहीं चला था।

सीमेंट-सरिया का है कारोबार

कोहड़ौर में श्याम सुंदर जायसवाल (47) की सरिया-सीमेंट की शॉप है। इनसेछह मई को फोन पर पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स के रूप में मांगे गये थे। इसकी रिपोर्ट भी दर्ज थी। पुलिस के लचर रवैये के चलते अपराधियों ने बुधवार की रात करीब आठ बजे श्याम सुंदर (47) व उनके छोटे भाई श्यामसूरत जायसवाल (45) की दुकान के सामने गोली मार दी। अपराधी बाइक से पहुंचे थे और चेहरा ढंक रखा था। घटना से बाजार में दहशत फैल गई। दुकानों के शटर गिर गए। कुछ व्यापारी परिजनों के साथ दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के लिए एक वाहन से निकल गए। वहां पहुंचने से पहले ही दोनो ने दम तोड़ दिया। इससे नाराज व्यापारी अस्पताल में धरने पर बैठ गये। कोहड़ौर बाजार में बवाल हो गया। व्यापारी और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंची कंधई और कोहड़ौर थाने की पुलिस को पथराव करते हुए दौड़ा लिया। इसमें पुलिस की एक टाटा सूमो क्षतिग्रस्त हो गयी। कई पुलिसवालों को चोटें आयीं। एसपी देवरंजन के मुताबिक बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम लगा दी गई है।