PATNA : अपराधियों ने डबल मर्डर की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। वारदात का खुलासा होने के बाद से पूरी राजधानी में सनसनी फैल गई है। वारदात को अपराधियों ने छठ पूजा के दौरान खरना की रात को अंजाम दिया। मामला डबल मर्डर का बताया जा रहा है। मामला कोतवाली थाने के तहत किदवईपुरी इलाके का है। अपराधियों ने बेगूसराय के बखरी के सलोना मठ के महंत विपीन बिहारी शर्मा और उनकी वाइफ सुनीता शर्मा को मौत के घाट उतार दिया। रविवार की सुबह दोनो की लाश घर के एक कमरे में जमीन पर पड़ी मिली।

संभावना जताई जा रही है कि अपराधियों ने गला घाेंट कर दोनो की हत्या कर दी और फिर आसानी से फरार हो गए। किदवईपुरी में स्थित सलोना कुंज के नाम से बने बंगले में 70 साल के विपिन बिहारी शर्मा अपनी वाईफ सुनीता के साथ रहते थे। हालांकि उनके साथ एक नौकर भी रहता था। जिसे आखिरी बार शनिवार की शाम देखा गया था। जबकि इनका बेटा अपनी वाइफ के साथ इन दोनों से अलग खगौल में रहता है।

देखने में लगे लूटपाट जैसा

वारदात की जानकारी मिलने पर पटना के एसएसपी मनु महाराज, सिटी एसपी चंदन कुशवाहा और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर डा। मो। शि?ली नोमानी सहित कोतवाली थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने खुद पूरे मामले की छानबीन की। अपराधियों ने इस वारदात को लूटपाट का शक्ल देने की कोशिश की थी। जब पुलिस पहुंची तो हर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। आलमिरा खुला पड़ा था। लेकिन, कुछ देर की जांच के बाद ही पुलिस ने अपराधियों की इस चाल को भांप लिया। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने पूरे कैंपस की जांच की गई और कई सैंपल भी जांच के लिए अपने साथ ले गए।

सीसीटीवी कैमरे की तलाश

सलोना मठ के महंथ होने के साथ ही विपिन बिहारी मूल रूप से बेगूसराय के बखरी के ही रहने वाले थे। इस कारण पटना पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए बेगूसराय पुलिस से कांटेक्ट किया है। साथ ही वारदात स्थल के आसपास मे कहां-कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि हत्यारे किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से भागे। कातिलों के भागने के संभावित रास्तों को भी खंगाला जा रहा है। डबल मर्डर के केस को सुलझाना पटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

अरबों रुपए के थे मालिक

बताया जाता है कि विपिन बिहारी अरबों रुपए के संपत्ति के मालिक थे। किदवईपुरी का बंगला ही अकेले करोड़ों की हैसियत रखता है। करबिगहिया इलाके में भी करोड़ो रुपए की जमीन बताई जा रही है। जहां डेवलपमेंट वर्क चल रहा है। पहले एक होटल भी हुआ करता था। जिसे विपिन शर्मा खुद चलाया करते थे। जिसे बाद में उन्होंने दूसरे को किराए पर दे दिया था। बेगूसराय व दूसरे शहरों में भी उनकी करोड़ों रुपए की संपत्ति बताई जा रही है।

संदेह में बेटा सौरभ भी

पुलिस सोर्स की मानें तो संदेह के घेरे में महंथ का बेटा सौरभ भी है। दरअसल, सौरभ और उसकी वाइफ प्रियंका से विपिन बिहारी और सुनीता शर्मा की नहीं बनती थी। इनकी एक बेटी है जो विदेश में रहती हैं। बेटी साल में ही एक बार इंडिया आती है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद घर में सबसे पहले सौरभ ही पहुंचा था। पुलिस ने उससे पूछताछ भी की। लेकिन, पुलिस के सवालों का वो जवाब सही से नहीं दे पाया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अलग जरूर रहता था। लेकिन डेली सुबह सात बजे अपने पिता को कॉल करता था। रविवार को न तो लैंडलाइन पर फोन रिसीव हुआ और न ही मोबाइल पर। इसके बाद उसे संदेह हुआ और वो घर आया। लेकिन पुलिस को सौरभ की बातें हजम नहीं हो रही है। पुलिस ने उससे घर में काम करने वाली दाई का नाम बताने को कहा, लेकिन वो नहीं बता सका।

आखिर आधा गिलास पानी किसने पिया था

पुलिस की जांच में जो बात सामने आई है, वो बेहद चौंकाने वाली है। वारदात स्थल पर जो हालात देखने को मिले हैं। उससे इशारा पहचान वालों की तरफ ही हो रहा है। जिस कमरे में लाश मिली उसके बाहर ही मेज पर एक कप में आधी चाय पड़ी थी। साथ में आधा पिया हुआ पानी का गिलास और एक बोतल पड़ा था। इस कारण अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारा जान पहचान वाला ही है। इसका दूसरा कारण भी है। बंगले का गेट न तो कहीं से टूटा था और न ही कहीं से दीवार टूटी मिली। यानी कि हत्यारा जो कोई भी था, घर में वो मेन गेट खुलने पर ही आया था। सौरभ की मानें तो जब वो सुबह आठ बजे के करीब आया तो सारे दरवाजे खुले मिले और लाइट भी जल रही थी।

इन पर भी है शक

पुलिस को इस मामले में ड्राइवर धर्मनाथ और हाल ही में नौकरी पर रखे गए नौकर पंडित के ऊपर शक है। पूछताछ के लिए दोनो को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस मामले में पटना पुलिस को बख्तियारपुर के एक पेंटर की तलाश है। जो इस बंगले में पेंट का काम करता था। बताया जा रहा है कि पेमेंट को लेकर महंथ से बहस भी हुई थी। दिवाली बाद आकर पैसे ले जाने को कहा था। पेंटर के साथ और कई लोग भी काम करते थे। जो घर के सारे हालात से वाकिफ थे। घर के कैंपस में खेती कौन कर रहे थे। इसका भी पता किया जा रहा है।