- गोरखपुर रेंज में बीते 11 महीनों में हुईं 139 दहेज हत्याएं

- दहेज उत्पीड़न के भी 546 मामले हुए दर्ज

GORAKHPUR: दहेज का दानव गोरखपुर की बेटियों को भी निगलता जा रहा है। बीते 11 महीनों में ही गोरखपुर रेंज में 139 दहेज हत्याएं हुईं हैं। जिले की बात की जाए तो इस साल यहां 38 विवाहिताएं दहेज के लिए मार दी गईं। वहीं, जिले में दहेज उत्पीड़न के केसेज भी तेजी से बढ़े हैं। नवंबर तक रेंज में दहेज उत्पीड़न के 546 मामले दर्ज किए। जिनमें सबसे अधिक 397 मामले जिले के ही हैं।

जिले में ही 38 हत्याएं

जिला पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2017 में एक जनवरी से 30 नवंबर तक जहां गोरखपुर रेंज में 139 नव विवाहिताओं को दहेज के लिए मौत के घाट उतार दिया गया। वहीं सिर्फ गोरखपुर में इन 11 महीनों के दौरान 38 विवाहिताएं दहेज की बलि चढ़ गईं। इनमें सबसे ज्यादा 55 हत्याएं कुशीनगर जिले में हुईं। इसी तरह देवरिया में 30 और महराजगंज में 16 महिलाएं वैवाहिक जीवन शुरू होते ही मौत की नींद सो गई। हालांकि यह वे आंकड़े हैं जिनका पुलिस ने बाकायदा केस दर्ज किया है। बल्कि ऐसे तमाम मामले हैं जिनमें पीडि़त पक्ष पुलिस थानों से लेकर कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उन्हें न्याय मिलना तो दूर, उनका केस तक नहीं दर्ज किया जाता।

दहेज उत्पीड़न भी कम नहीं

वहीं, गोरखपुर रेंज में दहेज उत्पीड़न के केसेज भी कम नहीं हैं। इस साल नवंबर महीने तक रेंज में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के कुल 546 मामले दर्ज किए। इनमें सबसे अधिक 397 मामले जिले में ही दर्ज किए गए हैं। वहीं देवरिया में 38, कुशीनगर में 53 और महराजगंज में दहेज उत्पीड़न के 58 मामले पुलिस ने दर्ज किए। हालांकि पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 2016 की तुलना में यह आंकड़े कम हुए हैं। लेकिन इसकी वजहयह भी बताई जाती है कि ऐसे मामलों में पुलिस केस दर्ज करने से ही कतराती है। जो मामले पुलिस ने दर्ज भी किए हैं, उनमें अधिकांश या तो अधिकारियों की पहल पर दर्ज हुए या फिर कोर्ट के आदेश पर दर्ज किए गए हैं।

महिला आयोग तक पहुंचीं ढेरों शिकायतें

सिर्फ गोरखपुर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में महिलाओं के साथ होने वाले अपराध के मामलों में महिला आयोग के पास साल 2017 में सबसे अधिक मामले दहेज उत्पीड़न के ही पहुंचे हैं। राज्य महिला आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष अब तक आयोग के पास महिलाओं से जुड़ी कुल 35,398 शिकायतों में सबसे अधिक 5003 शिकायतें दहेज उत्पीड़न की पहुंची। इसके साथ ही दहेज हत्या, घरेलू हिंसा, अपहरण, रेप, मारपीट आदि की शिकायतों की भी आयोग के पास भरमार लग गई।

2017 में गोरखपुर रेंज में महिलाओं के साथ अपराध के दर्ज केस

अपराध

दहेज हत्या 38

दहेज उत्पीड़न 397

रेप 82

अपहरण 381

वर्जन