-कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने जमशेदपुर में कही यह बात

-भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लिया

JAMSHEDPUR: मोदी सरकार देश को बांटने का काम कर रही है। चुनाव से पूर्व बीफ प्रकरण उठता है, लेकिन चुनाव समाप्त हो जाने के बाद सब समाप्त हो जाता है। भाजपा-आरएसएस के नेताओं की देशभक्ति की बात महज दिखावा है। वे देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। ये बातें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जमशेदपुर के पूर्व सांसद डा। अजय कुमार ने शुक्रवार को तिलक पुस्तकालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहीं। जेएनयू के बारे में उन्होंने कहा कि अगर वहां देश-विरोधी नारे लगे हैं तो कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन दो-चार छात्रों के कारण पूरी संस्था को बदनाम करने की कोशिश का कांगे्रस विरोध करेगी। प्रेस कांफ्रेस में कांग्रेस संयोजक समिति के प्रदेश प्रभारी सरदार बलदेव सिंह, जिलाध्यक्ष विजय खां, रामाश्रय प्रसाद सिंह, अशोक चौधरी, एसआर रिजवी छब्बन समेत कांग्रेस के कई नेता उपस्थित थे।

टाटा को मालिक बनाया रघुवर ने

डा। अजय ने कहा कि जमशेदपुर की बस्तियों को मालिकाना हक देने के नाम पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने यहां के लोगों को पूर्णत: ठगा है। मालिकाना के नाम पर उन्होंने टाटा को मालिक बना दिया है। गंदे शहरों की श्रेणी में जमशेदपुर के शामिल होने पर उन्होंने कहा कि जब गुरु मोदी का क्षेत्र वाराणासी भी गंदे शहरों की सूची में शामिल है तो शिष्य का शहर जमशेदपुर तो गंदा होगा ही। इस मामले में रघुवर ने गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार ने सिर्फ झाड़ू पकड़कर अखबारों में फोटो छपवाने का कार्य किया है तो अतिक्रमण के नाम पर जमशेदपुर के गरीब लोगों को उजाड़ दिया है। यह किसी भी सूरत में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उजाड़ने से पहले सरकार को लोगों को बसाने का प्रयास करना चाहिए था। शहर में मणिपाल मेडिकल कॉलेज के अब तक नहीं खुलने पर डा। अजय ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर मार्च से आंदोलन करने जा रही है। जमशेदपुर में पार्टी के अंदर चल रहे घमासान पर उन्होंने कहा कि सभी साथ मिलकर चलेंगे। अनुशासनहीनता के मामले में राष्ट्रीय स्तर के नेता काफी गंभीर हैं।

जिम्मेदारी पूरी करूंगा : बलदेव

कांग्रेस संयोजक मंडली के प्रदेश प्रभारी सरदार बलदेव सिंह ने कहा कि पार्टी आलाकमान सोनिया व राहुल गांधी द्वारा जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरा करने का प्रयास करेंगे। सभी लोगों को एकजुट कर पार्टी को झारखंड में मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।

कांग्रेस की जिला कमेटी भंग : खां

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय खां ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत के आदेश के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी एवं अन्य सभी कमेटियों को भंग कर दिया गया है। नई कमिटी का गठन संयोजक मंडली के निर्देशन में होना है।