-कहा-सबूत मांगना सेना का मनोबल गिराने वाला कृत्य

-आतंकी ठिकाने का नामोनिशान मिट गया

PATNA: एयर स्ट्राइक का सबूत मांगने को राष्ट्रदोही कृत्य कहते हुए डॉ। विनोद शर्मा कांग्रेस से अलग हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। कहना था कि एयर स्ट्राइक का सबूत मांगना राष्ट्रदोही कृत्य है। इसके चलते कांग्रेस पार्टी को जनता पाकिस्तानी एजेंट के तौर पर देखने लगी है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की बमबारी के चलते पाक अधिकृत कश्मीर में जैश के ठिकाने का नामोनिशान मिट गया है। इस हालत में कार्रवाई का सबूत मांगना भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने और आतंकवादियों का हौसला बढ़ाने वाला है। डा। शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस की हालत दिन ब दिन खराब ही होती जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष डा। मदन मोहन झा चुपचाप पार्टी की बर्बादी को देख रहे हैं। उनके लोग वसूली में डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालत इतनी खराब है कि उन्हें कांग्रेस पार्टी में रहते हुए शर्म आती है। डा। शर्मा ने यह नहीं बताया कि किस पार्टी में जा रहे हैं। कहा कि समाज सेवा करते रहेंगे।

गलत पते पर भेजा इस्तीफा

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचके वर्मा ने कहा कि विनोद शर्मा ने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष के बदले राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दिया है। उनके इस्तीफे के लिए यह पता गलत है। शर्मा के इस्तीफे को पार्टी गंभीरता से नहीं लेती है। इससे पहले भी वे पार्टी छोड़कर गए हैं। वर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी एयर स्ट्राइक का सबूत नहीं मांगा। साहसिक कार्रवाई के लिए सेना को बधाई दी। कांग्रेस के लाखों सदस्य हैं। उनमें कोई एक क्या बोलता है, उसे पार्टी का आधिकारिक वक्तव्य नहीं कहा जा सकता है।