ranchi@inext.co.in
RANCHI: राजधानी में बरसात से पहले नालियों की सफाई की योजना बनी। इसके लिए मजदूर और गाडि़यों को भी लगाया गया। लेकिन बरसात में सारी व्यवस्था की पोल खुल गई। रांची नगर निगम ने लाखों रुपए नालियों की सफाई में ही बहा दिए। आज स्थिति जस की तस बनी हुई है। कहीं नालियां ओवर फ्लो हो रही हैं, तो कहीं जाम के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके बावजूद रांची नगर निगम के अधिकारियों की नींद नहीं खुल रही है।

600 मजदूर सिर्फ सफाई के लिए
निगम की मानें तो केवल नालियों की सफाई के लिए 600 मजदूरों को लगाया गया है। इसमें मजदूरों को हर दिन के लिए 240 रुपए का भुगतान किया जा रहा है। ऐसे में एक दिन में मजदूरों को 1.44 लाख रुपए का पेमेंट किया जा रहा है। वहीं हर महीने मजदूरों पर केवल नगर निगम 43 लाख खर्च कर रहा है। इसके अलावा गाडि़यों में डीजल और ड्राइवरों का पेमेंट भी लाखों रुपए में है।

नालों के स्लैब भी नहीं काटे
सफाई तो हुई नहीं हुई, लेकिन बिल बन गया। इसके अलावा नालियों का स्लैब काटने की योजना भी ठंडे बस्ते में चली गई। अब तो ऐसा लगता है कि बारिश के बाद ही नालियों का स्लैब काटने का काम होगा। इसके बाद बड़े नालों की सफाई कराई जाएगी। तबतक लोगों को जल जमाव की समस्या से जूझना पड़ेगा।

रातू रोड कब्रिस्तान के बाहर पानी ओवर फ्लो
रातू रोड चौक से पिस्कामोड़ जाने वाली सड़क में कब्रिस्तान के पास पानी भरा हुआ है। लेकिन नालियों में पानी ही नहीं जा रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कैसे नाले की सफाई के नाम पर खानापूर्ति की गई है। वहीं पब्लिक जो पहले झेल रही थी वो परेशानी अब भी बनी हुई है।

लालपुर थाना के सामने नालियां जाम
नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल लालपुर थाना के सामने नाली देखकर खुल गई। जहां सफाई के नाम पर कचरा तो निकाला गया। लेकिन निगम के कर्मी उसे उठाना ही भूल गए। अब बारिश के कारण फिर से कचरा नाली में बह गया। इससे सफाई हो गई, बिल भी बन गया। अब जो हो रहा वो पब्लिक झेले।

कोतवाली के सामने नर्क जैसी स्थिति
कोतवाली थाना के सामने नर्क जैसी स्थिति है। नाले की सफाई नहीं होने के कारण पानी जमा है। वहीं कुछ लोग खुले में पेशाब करके गंदगी और बढ़ा रहे हैं। बहाव नहीं होने के कारण दुर्गध ने लोगों की सांसे रोक दी हैं।