तो गोल्ड मार्कट की सूरत बदल जाएगी

बाबा के सपने और उसके बाद सोना ढ़ूढने के लिए एएसआई की खुदाई पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई अपने-अपने तरीके प्रतिक्रिया दे रहा है। तो हमारे में लोभन फटकार कैसे पीछे रहते। नुक्कड़ की दुकान पर जैसे ही पहुंचे तो कुछ पड़ोसी मिल गए। मैं भी वहीं कोने पर बैठा गुलाबी मौसम की चाय की चुस्कियां भर रहा था। चर्चा वही खुदाई, सोना, बाबा। बीच-बीच में मोदी का भी जिक्र हो जाता है। लोभन भी वार्ता में अपनी पैठ जमा चुके थे। फिर उन्होंने एक ऐसी बात बोली कि मेरा मुंह खुला ही रह गया। लोभन ने भी सपना देखा कि खुदाई में सोना मिल गया है। बात यहीं पर खत्म नहीं हुई। उनके सपने में सोना मिलने के बाद देश और मेरठ में कई बड़े बदलाव भी सामने आए। आइए जानते हैैं कि वाकई अगर सोना मिल गया तो किस तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे

सोना हो सस्ता

एक हजार टन सोना मिलने के बाद लोग सोने की कीमत गिरने का इंतजार कर रहे हैैं। लोगों का मानना है कि अगर सोने का भाव 32 हजार प्रति दस ग्राम से 25 हजार प्रति दस ग्राम हो सकता है, तो एक हजार टन सोना मिलने के बाद बाजार में सोने की आपूर्ति अधिक होगी और मांग कम हो जाएगी। नतीजा, सुनहरी धातु का भाव पांच सौ रुपए किलो भी हो सकता है।

फायदे का सौदा

सोने का भाव आसमान से जमीन पर आ सकता है तो इसका फायदा भी उठाया जा सकता है। ये सोच रखने वाले अचानक जागृत हो गए हैं। नारंग साहब शहर के बड़े सुनार कहे जाते हैैं। खुदाई डौंडियाखेड़ा में शुरू हुई है, इनके शोरूम पर लोग खरीदारी के लिए कम, गोल्ड बेचने के लिए अधिक आ रहे हैं। कमोवेश यही नजारा शहर के अन्य शोरूम का भी हो रहा है। पूछताछ में पता लगा कि लोग इस प्लान के साथ गोल्ड बेच रहे हैैं कि सस्ता होने पर खरीद लेंगे।

घरों में तनाव

मिसेज मेहता को भाई की मैरिज में जाना है। नेकलेस सेट पुराना हो चुका है। मैरिज में धाक जमाने के लिए नया सेट चाहिए। उन्होंने जब हसबैंड से नए नेकलेस की रिक्वेस्ट की तो उन्होंने इसे घाटे का सौदा। उन्होंने समझाया कि ये ज्वैलरी खरीदने का समय नहीं है। उन्नाव में सोना मिल गया तो गोल्ड रेट भी नीचे आएंगे। अभी नेकलेस बेचा जा सकता है। हसबैंड के ऐसे उच्च विचार जानकर उन्हें अपना प्लान कैंसल करना पड़ा। इस वारदात के बाद से पति-पत्नी के बीच काफी अनबन चल रही है।

महिलाएं सेफ, पुलिस खुश

बदमाशों ने लेडीज का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। सरेआम सड़क पर तमंचा निकालते हैैं और चेन लूटकर फरार हो जाते हैैं। पुलिस पीछे-पीछे भागती है, मगर उसे मिलता कुछ नहीं। लोभन फटकार ने सपना देखा कि गोल्ड सस्ता होगा तो सिटी में लूटपाट कम हो जाएगी। भाई, कोई भी मुफ्त में जेल नहीं जाना चाहता। लूटेरे कार-पेट्रोल लूटेंगे, मगर गोल्ड चेन पर नजर नहीं डालेंगे। महिलाएं सड़कों पर सेफ फील करेंगी और पुलिस वाले भी हैप्पी-हैप्पी नजर आएंगे।

कीमत तय करेंगे हम

जी हां, ऐसा होना कोई असंभव नहीं है। लोभन फटकार का सपना भी कुछ यही कह रहा है। सोने के भंडारण में बढ़ोतरी होने से देश अंतराष्ट्रीय पटल पर अपनी छाप छोडऩे के साथ सोने की अंतराष्ट्रीय कीमतें भारत तय करेगा। एमसीएक्स का नया ऑफिस मेरठ में होगा। इसका सीधा कारण मेरठ सोने के मामले में एशिया की सबसे बड़ी मंडी है। यहां सालाना 4000 करोड़ रुपए का कारोबार है। जो देश में सबसे ज्यादा है।

मजबूत होगा रुपया

पिछले पांच सालों में जो डॉलर रुपए पर हावी हो रहा था और लगातार रुपए को धोभी पछाड़ मारते हुए रुपए की वैल्यू को इंटरनेशनल बाजार में लगातार धूमिल कर रहा था। सोना मिलने के बाद अचानक रुपए ने लंबी छलांग लगाते हुए डॉलर को 62 रुपए से हटाकर 50 रुपए पर पटक दिया है। जिससे इंटरनेशनल मार्केट में रुपए की साख बढऩे के साथ ही देश की सरकार ने तो राहत की सांस ली।

फेड से ऊपर रिर्जव

भले ही अमेरिका का फेडरल बैंक मौजूदा समय में विश्व का सबसे बड़ा बैंक है। जिसके थोड़े से हिलने से पूरे विश्व इकोनॉमी में खासा फर्क पड़ जाएगा। अपने देश में सोना मिलने के बाद देश का रिजर्व बैंक फेड के काफी करीब पहुंच जाएगा। एशिया ही नहीं यूरोपीयन कंट्रीज की इकोनॉमी भी रिजर्व बैंक की छींक पर हिलने लगेगी। मौजूदा समय में रिजर्व बैंक के पास 550 टन सोना है। गढ़ा हुआ सोना  मिलने के बाद वो 1500 टन से सोने का मालिक बन जाएगा।

200 शहरों को 1500 करोड़

हमारे लोभन फटकार के बदलाव यहीं तक खत्म नहीं हुए। उन्होने आगे जारी करते हुए कहा कि अंतराष्ट्रीय व्यापार में एक हजार टन सोने की कीमत तीन लाख करोड़ रुपए हैं। पूरे देश में 200 सिटीज हैं। अगर हरेक सिटी को बराबर-बराबर भी बांटा जाए तो हर सिटी को 1500 करोड़ रुपए मिल जाएंगे। यानि मेरठ सिटी के डेवलपमेंट में काफी सुधार आने की उम्मीद है।