-खुल्दाबाद के रहने वाले तीन लड़के गए थे अरैल घाट पर स्नान करने

-दो युवक स्नान के दौरान नदी में डूबे,मचा हड़कंप

ALLAHABAD: संडे का दिन था। तीनों साथी मस्ती के मूड में थे। प्लानिंग की थी कि शहर से बाहर चलकर मस्ती होगी। थोड़ी सी बीयर भी पी ली थी और पहुंच गए नैनी अरैल घाट पर। लेकिन वहां पर जरा सी चूक हुई और मस्ती मातम में बदलते देर न लगी। यमुना नदी में डुबकी लगाना मौत की वजह बन गई। दो युवक वहीं डूब गए। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर एक युवक की बॉडी नदी से निकाल सके। देर शाम तक वहां लोगों की भीड़ लगी रही।

खुल्दाबाद के रहने वाले थे तीनों

खुल्दाबाद गुलाबबाड़ी एरिया के रहने वाले शेरा प्राइवेट जॉब करता है। संडे को उसने अपने मोहल्ले में रहने वाले चंदन और शनि के साथ मिलकर पार्टी की प्लानिंग की। तीनों दोपहर में मस्ती करने के लिए घर से निकल गए। शेरा की मानें तो रास्ते में उन्होंने थोड़ी सी बीयर भी पी थी। बीयर पीने के बाद वे शहर से दूर नैनी अरैल नए घाट पर पहुंच गए।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

दोपहर में करीब ढ़ाई बजे तीनों दोस्त एक साथ नदी में स्नान करने लगे। शेरा कुछ देर बाद नदी से बाहर आ गया। वह अपने दोस्तों को भी बाहर आने के लिए बोल रहा था। शेरा की मानें तो चंदन और शनि को पानी के अंदर मजा आ रहा था। लेकिन उन्हें नदी के गहराई का अंदाजा नहीं था। करीब तीन बजे अचानक से दोनों डूबने लगे। उनकी चीख सुनकर शेरा ने भी शोर मचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

नहीं बचा सका नाव वाला

शेरा के शोर मचाते ही घाट के पास मौजूद एक नाव वाले ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया। वह उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़ा। लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही चंदन और शनि यमुना नदी के तेज बहाव में कहीं समा गए। कुछ देर बाद वहां कुछ मल्लाह भी पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दे दी गई।

पांच बजे मिली चंदन की बॉडी

तीन साढ़े तीन बजे तक वहां नैनी पुलिस पहुंच गई। पुलिस भी गोताखोरों को सर्च आपरेशन में लगी रही। इधर शेरा ने इस हादसे की जानकारी दोनों दोस्तों के घर वालों को दी। देखते-देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। डेढ घंटे की मशक्कत के बाद करीब पांच बजे मल्लाहों ने नदी से चंदन की बॉडी ढूंढ़ निकाली। लेकिन शनि की बॉडी नहीं मिली। देर शाम तक उसकी तलाश में गोताखोर लगे रहे।

बारात की जगह अर्थी निकलेगी

चंदन के पिता गुलाब नगर निगम से रिटायर्ड हो चुके हैं। चंदन दो भाई और एक बहन है। वहीं दूसरी ओर शनि दो भाइयों में छोटा था। फैमिली में दो बहनें भी हैं। उसके पिता मुन्ना लाल नगर निगम में जॉब करते हैं। शेरा ने बताया कि चंदन और शनि दोनों की शादी तय हो चुकी थी। इसी साल जाड़े में उनकी शादी होने वाली थी। घर में तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और उसी परिवार से बारात की जगह अर्थी निकलेगी।

नहीं है कहीं जल पुलिस

इलाहाबाद में आए दिन लोग नदी में डूब जाते हैं। लेकिन इसके बाद भी सिक्योरिटी का कोई इंतजाम नहीं है। सिर्फ संगम नोज पर जल पुलिस रहती है। वहीं पर जल पुलिस का पुलिस चौकी बना हुआ है। वैसे तो पुलिस के पास अपना कोई गोताखोर टीम नहीं है लेकिन कुछ मल्लाह हमेशा ही पुलिस की मदद करने में लगे रहते है। बाकी जगहों पर कोई हादसा होने के बाद कोई आप्शन नहीं होता। जिसके कारण बचाव दल पहुंचने के बाद भी रिजल्ट हमेशा ही सिफर रहता है। अरैल घाट में ही कई घटनाएं होती है। लास्ट इयर ही होली पर नहाने गए तीन लड़के डूब गए थे।