RANCHI : रांची शहर मां की भक्ति में सराबोर हो गया है। पंचमी के मौके पर रविवार को सिटी के कई बड़े पूजा पंडालों का उद्घाटन हो गया, जिसके बाद देर शाम से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। सबसे पहले दिन के दस बजे सीएम रघुवर दास और मेयर आशा लकड़ा ने भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार के पंडाल का उद्घाटन किया। इसी के साथ शहर में दुर्गोत्सव का आगाज हो गया।

भीड़ को देखते हुए पहले खुले पट

सिटी में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रमुख पूजा पंडालों के पट एक दिन पहले ही खोलने का फैसला लिया गया। रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष हीरालाल साहू ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कुछ बड़े पंडालों के पट पंचमी को ही खोल दिए गए। भारतीय युवक संघ-बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल-सेवा सदन, गीतांजलि क्लब-मोरहाबादी, शक्ति स्रोत संघ-गाड़ीखाना, रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा और ओसीसी क्लब के पंडालों का उद्घाटन रविवार को हुआ।

सीएम ने की पूजा-अर्चना

बकरी बाजार पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कामना की कि जगत जननी मां भवानी झारखंड में खुशहाली लाएं। साथ ही लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति आए। उन्होंने सभी पूजा समितियों से दुर्गा पूजा पंडालों में साफ-सफाई का खास ख्याल रखने की अपील की। जिले के सबसे स्वच्छ पंडाल को प्रशासन द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।

महिलाओं के लिए अलग कतार

रांची जिला दुर्गा पूजा समिति ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया है कि पंडालों में महिलाओं के दर्शन के लिए अलग कतार की व्यवस्था करें। संयोजक मुनचुन राय ने सभी पूजा पंडालों से आग्रह किया है कि सभी पंडालों में दिव्यांग एवं वृद्ध लोगों का खास ख्याल रखा जाए। इनके लिए अलग कतार की व्यवस्था की जाए। पंडाल के आसपास साफ -सफाई का विशेष खयाल रखें।