RANCHI: राजधानी में शनिवार को सभी पंडालों से प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया। इसके बाद रांची नगर निगम भी व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर रेस हो गया है। पूजा समितियों को 48 घंटे के अंदर रोड किनारे से तोरणद्वार और होर्डिग्स हटाने का आदेश दिया गया है। इसके बाद भी पूजा समितियां अगर तोरणद्वार और होर्डिग्स नहीं हटवाती हैं तो उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद उनपर नगरपालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर पहले ही रांची नगर निगम ने आदेश जारी कर दिया था।

तोरणद्वार के लिए रोड में गढ्डे

पूरा शहर दुर्गा पूजा के उत्साह में डूबा था। शहर के 150 पंडालों में मां की पूजा-आराधना भी की गई। इस दौरान सभी पूजा पंडालों के आसपास मुख्य सड़कों पर जगह-जगह तोरणद्वार लगाए गए थे। इसमें अलग-अलग कंपनियों ने अपने प्रचार-प्रसार के लिए सड़कों पर खुदाई भी की थी। अब उन जगहों से तोरणद्वार हटाकर गढ्डों को भरने को भी कहा गया है, ताकि रोड पर चलने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं सिटी की ट्रैफिक को भी स्मूद बनाया जा सके।