- दुर्गा पूजा पंडालों में संधि पूजा में उमड़े भक्त, अष्टमी के दिन मंदिरों में भी भक्तों का रेला

kanpur@inext.co.in

KANPUR। बुधवार को दुर्गा पूजा पंडालों में संधि पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा चारों ओर बिखरी नजर आई। धुनुची के धुएं ने वातावरण को और भक्तिमय कर दिया। पंडालों में मानो बंगाल उमड़ पड़ा हो। पारंपरिक ढंग से हुई पूजा के बाद मां की स्तुति की गई। वहीं शाम को कई तरह के कल्चरल प्रोग्राम पूजा पंडालों में हुए। अष्टमी तिथि के चलते देवी मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों का रेला भी लगा रहा।

अष्टमी पूजा में जुटे भक्त

बुधवार को दुर्गा पूजा पंडालों में अष्टमी पूजा व संधि पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। सुबह सभी पंडालों में माहौल भक्तिमय रहा। मां भगवती की धुनुचि आरती ने माहौल पूरी तरह से भक्ति मय कर दिया था। माता को कमल के 108 पुष्प व दिए अर्पित किए गए। माता को बंगाली मिठाइयों का भोग लगाया गया।

आज होगा सिंदूरखेला

एबी विद्यालय में दुर्गा पूजा कार्यक्रम से जुड़ी देविका मुखर्जी ने बताया कि गुरुवार को पंडाल में दर्पण विसर्जन की पूजा होगी। जिसमें माता को दर्पण दिखाया जाता है। दर्पण इस तरह से दिखाया जाता है कि माता का चेहरा व पैर साफ-साफ दिखाई देते हैं। भक्त माता के दर्शन करते हैं और उनकी पूजा करते हैं। देविका ने बताया कि इसके बाद सिंदूर खेला जाएगा। जिसमें महिलाएं एक दूसरे से सिंदूर की होली खेलेंगी।

मंदिरों में लगी भक्तों की भीड़

बुधवार को नवरात्रि पर्व पर देवी मंदिरों में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। भक्तों ने माता के दर्शन किए और उनसे आशीर्वाद लिया। वहीं कई श्रद्धालुओं ने बुधवार को नवरात्रि के व्रत खोल दिए। नवरात्रि की अष्टमी के चलते सिटी के प्रमुख मंदिरों तपेश्वरी देवी, बुद्धा देवी, जंगली देवी, बाराह देवी, बंगाली मोहाल काली देवी, शास्त्री नगर काली मठिया आदि मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही।