कालाडांडा कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा हटाने के दौरान जमकर बवाल

पुराने जीटी रोड पर लगाया जाम, पुलिस ने लाठी भाज कर भगाया

ALLAHABAD: पुलिस-प्रशासन, नगर निगम के साथ ही एडीए की टीम शनिवार को हिम्मतगंज स्थित कालाडांडा कब्रिस्तान में अवैध कब्जा हटाने पहुंची तो टीम का जबरदस्त विरोध हुआ। महिलाएं व बच्चे रोते बिलखते सड़क पर बैठ गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा व पथराव किया। तब लोगों को शांत कराने के लिए पुलिस ने भी जमकर लाठी भांजी। हालांकि विरोध के कारण कुछ मकानों पर कार्रवाई के बाद अभियान स्थगित कर दिया गया।

हाई कोर्ट का हटाने का है आदेश

कालाडांडा कब्रिस्तान में पिछले कई वर्षो से अवैध कब्जा है। हाईकोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश जारी कर रखा है। इसके आधार पर डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से 72 अवैध आवास चिह्नित किए गए। भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर 30 अप्रैल तक जमीन खाली करने का आदेश दिया गया। इसके बाद भी लोगों ने निर्माण नहीं ढहाया।

लोगों को दिया गया समय

इसके बाद डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ने जमीन खाली कराने के लिए 12 मई की तिथि निर्धारित की। शनिवार को नगर निगम, एडीए, डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों की टीम वक्फ बोर्ड के पदाधिकारियों व पुलिस व पीएसी जवानों के साथ काला डांडा पहुंची। लोगों को जमीन खाली करने के लिए समय दिया गया।

और मच गई चीख पुकार

लोगों ने मकानों को खाली कर दिया, लेकिन जैसे ही बुलडोजर ने उन्हें गिराना शुरू किया, चीख-पुकार मच गई। महिलाएं बच्चों के साथ रोने लगीं। लोग कार्रवाई रोकने की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए। कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। हंगामा और बवाल होने पर पुलिस व पीएसी जवानों ने लाठी पटक कर लोगों को खदेड़ा। विरोध देखते हुए कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया।

हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। लोगों को पहले ही नोटिस दी गई थी। कुछ लोगों ने मकान खाली कर दिया था, कुछ ने हंगामा किया। कुछ मकान व झोपड़ी बचे हैं, उन्हें जल्द हटा दिया जाएगा।

अशोक कुमार कनौजिया

सिटी मजिस्ट्रेट