RANCHI: शहर को साफ-सुथरा और स्मार्ट बनाने के लिए रोड किनारे ट्विनबिन लगाए गए थे। वहीं लोग उसमें कचरा भी डाल रहे थे। लेकिन हद तो तब हो गई जब सफाई के चक्कर में अज्ञात लोगों ने डस्टबिन ही गायब कर दिए। आज स्थिति यह है कि लोग रोड किनारे कचरा फेंकने को मजबूर हैं। इसके बावजूद नगर निगम ने इसे लेकर न तो कोई कंप्लेन दर्ज कराई है और न ही कोई एफआईआर। बताते चलें कि पब्लिक को राहत देने के लिए ट्विनबिन लगाए गए थे ताकि लोग घरों से निकलने वाला सूखा और गीला कचरा उसमें डाल सकें।

बचा सिर्फ स्टैंड, बिन गायब

रोड किनारे कामर्शियल एरिया में स्टैंड के सहारे कवर्ड ट्विन बिन का इंस्टालेशन किया गया था। इसमें लोग अपनी दुकानों और घरों से निकलने वाला कचरा डालते थे। अब वहां पर केवल स्टैंड रह गया है और बिन का कुछ पता ही नहीं है। काफी छानबीन के बाद भी गायब हो चुके बिन को नगर निगम नहीं ढूंढ पाया।

कई इलाकों में ढक्कन ले भागे चोर

कवर्ड डस्टबिन में फ्लेक्सिबल ढक्कन लगा हुआ था। अब स्थिति यह है कि कई इलाकों में चोरों ने डस्टबिन का ढक्कन भी उड़ा डाला। इससे कचरा भी डस्टबिन से ओवर फ्लो होकर बाहर बिखरा है। अब नगर निगम के अधिकारियों को इस बात की चिंता सता रही है कि वे डस्टबिन को बचाने के लिए क्या करें। जबकि डस्टबिन गायब करने वालों ने इसे बेचकर भी अच्छी कमाई कर ली होगी।

वर्जन

रोड किनारे पब्लिक को राहत देने के लिए हमने डस्टबिन लगाए थे। लेकिन कुछ जगहों से डस्टबिन गायब हो गए, पता ही नहीं चला। वहीं कुछ जगहों पर लोगों ने डस्टबिन को बर्बाद कर दिया। अब लोग प्लास्टिक के डस्टबिन में भी आग लगा देते हैं तो क्या होगा। इसके लिए हमलोग स्टील का डस्टबिन लगाने जा रहे है। इसमें लॉक होगा और चोरी की आशंका खत्म हो जाएगी।

डॉ। किरण कुमारी, असिस्टेंट हेल्थ आफिसर, आरएमसी