- आरटीओ विभाग में होगा ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन

- मुख्यालय ने आरटीओ विभाग को रजिस्ट्रेशन के दिए निर्देश

>BAREILLY: बरेली सहित पूरे प्रदेश में ई-रिक्शा को हरी झंडी मिल गयी है। ऑटो व टेंपो की ही तरह इसका परमिट और लाइसेंस आरटीओ विभाग से मिलेगा। अभी तक ई-रिक्शा को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे कि इसका रजिस्ट्रेशन कहां पर होगा। नगर निगम या आरटीओ। लेकिन इन तमाम कयासों पर विराम लग गया है। आरटीओ विभाग में ई-रिक्शा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया स्टार्ट कर दी गई है।

बिना लाइसेंस नहीं मिलेगा रिक्शा

मुख्यालय ने आरटीओ विभाग को ई-रिक्शा का परमिट और लाइसेंस जारी करने के निर्देश दे दिए हैं। आरटीओ ने निर्देश को फॉलो करते हुए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर दी है। हालांकि, अभी तक ई-रिक्शा का कोई भी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि ई-रिक्शा की बिक्री सिर्फ अधिकृत डीलर्स ही कर सकेंगे। ई-रिक्शा की बिक्री करने वाले डीलर्स को इस बात का ध्यान देना होगा कि जिस व्यक्ति को वह ई-रिक्शा सेल कर रहा है क्या उसके पास ई-रिक्शा का लाइसेंस है या नहीं। बिना लाइसेंस वालों को ई-रिक्शा नहीं डिलीवर किया जाएगा।

आरटीओ से लेने होने परमिट

ई-रिक्शा ओनर्स को परमिट के लिए आरटीओ विभाग में अप्लाई करना होगा। साथ ही वाहन ओनर्स को निर्धारित रोड टैक्स जमा करना होगा। पूरी प्रक्रिया ऑटो और टेम्पो के रजिस्ट्रेशन की तरह होगी। यदि, बिना रजिस्ट्रेशन के ही ई-रिक्शा शहर में चलते हुए पाया जाता है, तो जुर्माना के साथ वाहन को सीज भी किया जा सकता है।

एक महीने का टाइम

प्रजेंट टाइम में सैकड़ों ई-रिक्शा शहर में फर्राटा भर रहे हैं। इनमें से किसी के पास परमिट नहीं है। हालांकि इसकी वजह यह डिसाइड न हो पाना था कि ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन कहां होगा। अब मुख्यालय ने ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन आरटीओ विभाग से करने का निर्देश दिया है तो ई-रिक्शा वालों को एक महीने का समय दिया गया कि वह ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन और परमिट ले सकें।

ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया स्टार्ट कर दी गयी है। मुख्यालय से इसके लिए निर्देश मिले हैं। अधिकृत डीलर्स के यहां से ही ई-रिक्शा की बिक्री हो सकेगी।

आरआर सोनी, आरटीओ