- पुलिस ने चक्का जाम करने पर ई-रिक्शा चालकों पर भांजी लाठियां

- कई ई-रिक्शा चालकों व आप नेताओं को किया गिरफ्तार

ALLAHABAD:

अपनी मांगों को लेकर शनिवार को सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे ई रिक्शा चालकों पर लाठीचार्ज हो गई।

चक्का जाम करने पर भड़के पुलिस वालों ने ई रिक्शा चालकों के साथ ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भी लाठियां बरसाई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई ई रिक्शा चालकों को खदेड़ दिया तो कुछ को पकड़कर थाने में बंद कर दिया गया। आरोप है कि महिलाओं को भी जमकर पीटा गया।

आरटीओ ने लगाया है बैन

आरटीओ विभाग ने शहर में ई-रिक्शा संचालन पर रोक का आदेश जारी कर रखा है। रोड पर ई-रिक्शा न दौड़े इसके लिए रिक्शा जब्त करने का अभियान भी शुरू हो चुका है। दर्जनों ई-रिक्शा को अब तक जब्त किया जा चुका है। कई ई-रिक्शा चालकों पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है।

विरोध के लिए हुए एकजुट

आरटीओ की कार्रवाई व ई-रिक्शा संचालन पर रोक के खिलाफ शहर भर के ई-रिक्शा चालकों ने एकजुट होकर विरोध का निर्णय लिया। शनिवार को ई-रिक्शा चालक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट हुए ई-रिक्शा चालकों ने शिक्षा निदेशालय के बाहर से जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। कमिश्नर राजन शुक्ला से मिलने की मांग की, लेकिन वे कार्यालय में नहीं थे। अपर आयुक्त को रिक्शा चालकों ने ज्ञापन सौंपा, लेकिन संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला।

सुभाष चौराहे पर लगाया जाम

आक्रोशित ई-रिक्शा चालक सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे पर पहुंचे और चक्का जाम कर दिया। करीब 30 मिनट तक नारेबाजी व चक्का जाम चलता रहा। इस बीच पुलिस ने अपना रौद्र रूप दिखाया और फिर लाठी पटकना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ई-रिक्शा चालकों व आप के नेताओं पर पुलिस ने लाठी बरसाई।

बाक्स

महिलाओं को भी पीटा

रिक्शा चालकों का आरोप है कि पुलिस चक्का जाम कर रहे लोगों को पीटते हुए थाने तक ले गई। महिलाओं पर भी लाठी बरसाई गई। सिविल लाइंस पुलिस ने आप नेता अरविंद त्रिपाठी, शिमला श्री, ब्रजेश सक्सेना, गोलू सोनकर, रावेंद्र पांडेय व ई-रिक्शा चालक विकास राय, मनीष कुमार सहित कईयों को हिरासत में लिया है। लाठी चार्ज के खिलाफ ई-रिक्शा चालकों ने आंदोलन को जारी रखने और आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।