RANCHI : बुधवार देर शाम राजधानी रांची समेत देश के उत्तरी भाग में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.8 बताई गई है। भूकंप का केंद्र भारत-म्यांमार सीमा पर बताया गया है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शाम 7:25 बजे भूकंप आया। इसकी गहराई 134 किलोमीटर थी।

घरों से निकले लोग

भूकंप के हल्के झटके के साथ ही लोग अपने-अपने घरों से निकलकर सड़क पर पहुंच गए। इस दौरान कहीं से कुछ नुकसान की सूचना नहीं है। रांची में भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण कुछ लोग इसे समझ भी नहीं पाए। लोगों को चार से निकलते देख सड़कों पर चल रहीं गाडि़यां भी रुक गई और लोग बाहर निकलकर काफी देर तक इस विषय पर चर्चा करते रहे।

केंद्र पूर्वोतर की सीमा में

भूकंप का केंद्र देश की पूर्वोत्तर सीमा से सटे होने के कारण पूर्वोत्तर के राज्यों में इसके तेज झटके महसूस हुए। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली एवं आसपास से झटके महसूस होने की जानकारी मिली है। भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। इससे पहले अफगानिस्तान के हिंदुकुश में रविवार को आए भूकंप के झटके भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास महसूस किए गए थे। इतने कम दिनों के अंतराल पर बुधवार को झटका महसूस होने से दहशत के मारे लोग घरों से निकल पड़े।