आगरा। भूकंप के झटकों से महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला मिट्टी खोदने के लिए गांव के पास ही खेत में गई थी। मौके पर पुलिस और तहसील के अधिकारी पहुंच गए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

खंदौली की है घटना

थाना खंदौली के गंाव अरेला निवासी ताराचंद किसान है। मंगलवार सुबह वह मिट्टी खोदने के लिए पड़ोस की तीन अन्य महिलाओं के साथ गांव के पास ही खेत में गई थी। तीन अन्य महिलाएं तो मिट्टी खोदकर चली आई, लेकिन ताराचंद की पत्नी राजेश कुमार वहां पर मिट्टी को समेट कर बोरी में भरते रह गई।

भूकंप से गिरी ढाय

दोपहर में आए भूकंप के दौरान वह ढाय में मिट्टी भर रही थी। तेज झटके से मिट्टी की ढाय भरभराकर उसके ऊपर गिर गई, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास खेतों में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंच गए। जब तक महिला को ढाय के अंदर से निकाला जाता, तब तक महिला की मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।