महिला बाल विकास एवं पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी पहुंची गगोल तीर्थ

दस लाख रूपये से होगा गगोल तीर्थ का जीर्णोद्धार

Meerut। योगी सरकार ने प्रदेश को पर्यटन हब बनाने का मन बनाया है। पहले चरण में कृष्ण सर्किट, बुद्ध सर्किट और रामायण सर्किट विकसित किया जा रहा है। जबकि अगले चरण में महाभारत सर्किट के साथ ईको टूरिज्म विकसित किया जाएगा। साथ ही दस लाख रूपये से गगोल तीर्थ का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा।

आकर्षण का केंद्र

प्रदेश की पर्यटन मंत्री डॉ। रीता बहुगुणा जोशी रविवार को गगोल सरोवर पर आयोजित एक कार्यक्रम में आई थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पर्यटन का बढ़ावा देने के लिए 600 करोड़ का बजट जारी किया है। मेरठ में हस्तिनापुर वाइल्डलाइफ सेंचुरी की जैव विविधता पर्यटन का आकर्षण केंद्र है। इसलिए प्रदेश की सबसे बड़ी सेंचुरी में पर्यटन एवं वन विभाग मिलकर इको टूरिज्म विकसित करेगा।

बन रही रिपोर्ट

मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मेरठ में क्रांति के प्रतीकों, ऐतिहासिक स्थलों एवं इको टूरिज्म के क्षेत्रों पर सरकार रिपोर्ट बना रही है। गढ़मुक्तेश्वर को राष्ट्रीय मेले का दर्जा दिया गया है। अब यहां पर इलाहाबाद कुंभ मेले की तर्ज पर मेला लगाने का बंदोबस्त किया जाएगा। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले तमाम धार्मिक स्थलों को लेकर एक सर्किट बनाने की योजना पर सरकार फिर से रिपोर्ट तलब करेगी। धार्मिक एवं इको टूरिज्म के तहत मेरठ से सहारनपुर तक स्थित तमाम मंदिरों एवं प्राकृतिक स्थलों को एक ही सर्किट में रखने की योजना है।

सुरक्षा है प्राथमिकता

मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि योगी सरकार ने महिलाओं के प्रति अपराध पर सख्त कदम उठाते हुए जीपीएस संचालित 181 नंबर सेवा शुरू की है। छेड़छाड़ की शिकार महिला इस नंबर पर फोन कर तत्काल सुरक्षा पा सकेगी। इसके लिए एक प्रशिक्षित महिला टीम की डयूटी लगाई गई है। आशा ज्योति केंद्र में उत्तर प्रदेश देश में सबसे बेहतर सेवा दे रही है। महिला उत्पीड़न के खिलाफ यूपी सरकार की 1090 नंबर सेवा बेहद सफल रही है। एंटी रोमियो स्कॉयड से छेड़छाड़ की घटनाओं में बहुत तेजी से कमी आई है।