-राजधानी की करीब तीस मस्जिदों में पढ़ी गई ईद की नमाज

-एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की दी मुबारकबाद

रांची : राजधानी में प्रमुख ईदगाहों सहित तीस मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। ईद की नमाज को लेकर रांची ईदगाहों और मस्जिदों में सजावट की गई थी। सुबह से ही चहल-पहल रही। हरमू रोड स्थित रांची ईदगाह और डोरंडा ईदगाह समेत कई मस्जिदों में नमाज का समय पहले से ही मुकर्रर था। समय के साथ अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और शहर, राज्य व देश में अमन चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद भी दी। चारों तरफ खुशियों की बारिश हो रही थी।

रांची ईदगाह में नमाज पढ़ाने के मौके पर मौलाना असगर मिस्बाही ने तकरीर की। कहा, कुरआन पूरी इंसानियत के लिए हिदायत का जरिया है। इसे पढ़ें, समझें और इसकी बातों पर अमल करें। रमजान के बाद भी झूठ, शराब और गुनाहों से बचें। बुराई से रिश्ता नहीं रखें। नमाज पढ़ते रहना है, कुरआन पढ़ते रहना है।

उन्होंने आवाज बुलंद की। कहा, हमें इस मुल्क से मोहब्बत है। सबसे पहले नबी आदम हिंदुस्तान आए। फिर हजरत शीश भी आए। हजरत जिबराइल फरिता नबियों के पास आते रहे। यहां की मस्जिदों और और ईदगाहों में वतन के लिए दुआ की जाती है।