-निकाय चुनाव में मेयर व पार्षद पदों के लिए हुए मतदान के बाद वोटों की काउंटिंग आज -चंद घंटों में चुन ली जाएंगी शहर की प्रथम महिला -परिवार के बाद अब उठानी होगी शहर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी VARANASI बस चंद घंटे और उसके बाद शहर की प्रथम महिला कौन होंगी इसका फैसला हो जाएगा। एक दिसम्बर को होने वाले मतगणना की तैयारी पहडि़या मंडी में पूरी कर ली गयी है। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और दोपहर बीतने तक सभी वार्डो के पार्षद और मेयर पद का परिणाम आ जाएगा। इसके साथ ही चुनी गयीं मेयर की दिनचर्या और जिम्मेदारियों में जबरदस्त बदलाव आ जाएगा। बनारस में मेयर पद महिला होने के नाते छह महिला प्रत्याशियों ने इस पद के लिए दावेदारी पेश की थी। इनमें से कुछ तो चुनाव से पहले तक सिर्फ घर की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। कुछ अन्य भूमिकाओं में भी जरूर थीं लेकिन इनमें से जीत जिसकी भी हो उसके लिए शहर की जिम्मेदारी संभालना आसान नहीं होगा। कैसे संभाल पाएंगी वो अपनी पूर्व और नयी मिलने वाली जिम्मेदारी को आइये उनसे ही जानते हैं। परिवार ने बहुत कुछ सिखाया भारतीय जनता पार्टी की मेयर कैंडीडेट मृदला जायसवाल चुनाव से पहले तक मेनली परिवार की ही जिम्मेदारी संभाल रही थीं। पति के बिजनेस में भी उनका सहयोग था लेकिन राजनीति से सीधे तौर पर कोई वास्ता नहीं था। वो कहती हैं कि अगर वो मेयर चुनी गयीं तो शहर को बिल्कुल अपने घर की तरह ही चलाएंगी। राजनीति से जुड़े परिवार ने उन्हें ऐसा ही सिखाया है। चुनौतियां जरूर होंगी लेकिन उनका सामना किया जाएगा और शहर को घर की तरह सजाया संवारा जाएगा। शहर के लोगों की जरूरत को परिवार के सदस्यों की तरह पूरा किया जाएगा। सबके सहयोग से होगा काम समाजवादी पार्टी की कैंडीडेट साधना गुप्ता काफी सोशल हैं। वो शहर में होने वाली सोशल एक्टिविटी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। वो मानती हैं कि सभी का सहयोग मिले तो कोई भी काम बड़ी आसानी से किया जा सकता है। उन्हें जीत हासिल हुई तो वह जिंदगी के अपने इसी अनुभव की बदौलत शहर को चलाने की कोशिश करेंगी। मिनी सदन की कार्रवाई हो या शहर के विकास की बात आम से लेकर खास लोगों तक की सहमती और सहयोग होगा। पूरी तरह से हूं तैयार बहुजन समाज पार्टी की मेयर कैंडीडेट सुधा चौरसिया मेयर पद की जिम्मेदारी के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार बताती हैं। उनका कहना है कि अधिवक्ता होने के नाते हर तरह की परिस्थितियों से लड़ना सीख गयी हैं। शहर के विकास के लिए जितना मेहनत करना होगा उसे किया जाएगा। कई समस्याएं ऐसी हैं जिनका निवारण सबसे पहले होना जरूरी है। खराब सड़कें, प्रदूषण, अतिक्रमण जैसी समस्याएं दूर की जाएंगी। जनता का प्यार देगा ऊर्जा कांग्रेस कैंडीडेट शालिनी यादव कहती हैं कि मेयर पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निभाने के लिए ऊर्जा जनता का प्यार देगा। चुनाव लड़ना भी आसान नहीं था। लेकिन जनता के प्यार की वजह से बिना थके जनता के बीच रहे।