- सपा के असली प्रत्याशी जेपी यादव

- जिलाध्यक्ष ने कहा, सीपी करें सहयोग

GORAKHPUR: गोरखपुर- महराजगंज स्थानीय निकाय निर्वाचन के असली प्रत्याशी जय प्रकाश यादव हैं। प्रदेश नेतृत्व ने सीपी चंद से सहयोग करने को कहा है। प्रदेश से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कमेटियां गठित कर दी गई हैं। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और विधायक जय प्रकाश यादव के पक्ष में प्रचार करने आएंगे। यह कहना है सपा जिलाध्यक्ष डॉ। मोहसिन खान का, शुक्रवार को वह पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

बनी चुनाव संचालन समिति

जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए दोनों जनपदों में संचालन समिति बनी है। कैबिनेट मिनिस्टर दुर्गा प्रसाद यादव को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। राज्यमंत्री शंखलाल मांझी, पूर्व राज्यमंत्री श्रीपति सिंह, पूर्व सांसद अखिलेश सिंह, अजीतमणि त्रिपाठी भी कमेटी में शामिल हैं। जय प्रकाश के चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सहित अन्य पदाधिकारी जोरशोर से लगे हैं।

पार्टी से बड़े नहीं सीपी चंद

जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी जय प्रकाश यादव के साथ है। सीपी चंद से कहा गया है कि वह जय प्रकाश का समर्थन करें। पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता। किसी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीपी चंद भी पार्टी के ऊपर नहीं है। डॉ। मोहसिन खान ने कहा कि जनता तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है। इसलिए अब कोई कन्फयूजन नहीं रहा।

सीपी चंद से अनुरोध किया गया है कि वह जय प्रकाश का सहयोग करें। सपा के लोग जय प्रकाश के साथ हैं। अंतिम रूप से पार्टी ने जय प्रकाश को प्रत्याशी घोषित किया है। इसको लेकर कोई संशय नहीं है।

डॉ। मोहसिन खान, जिलाध्यक्ष, सपा