-आज है मतदान का दिन, सभी करें इसमें अपनी सहभागिता

-शहर के विशिष्टजन करते हैं आपसे अपील

VARANASI

आठ मार्च को लोकतंत्र का पर्व है। इस दिन पब्लिक को अपनी पसंद की सरकार चुनने का मौका मिलेगा। आपके विकास के साथ प्रदेश और देश के विकास के लिए एक स्थिर सरकार का होना जरूरी है। इसलिए हर वोटर मतदान जरूर करे। लोकतंत्र के इस पर्व में वैसे ही शामिल हों जैसे अन्य पर्व में शामिल होते हैं। खुद मतदान करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। शहर के विशिष्टजन भी आपके से यही अपील कर रहे हैं।

एक मजबूत और मनचाही सरकार बनाने के लिए अधिक से अधिक वोट होना जरूरी है। इस देश का नागरिक होने के नाते मतदान हमारी जिम्मेदारी है। अपने मत का प्रयोग जरूर करें।

योगेश्वर राम मिश्र, डीएम

जागरूकता तत्परता एवं प्रतिबद्धता का मापदण्ड चुनाव में हमारी भागीदारी है। इसलिए सभी से अपील है कि आप इस मतदान प्रक्रिया में अवश्य भागीदार बनें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

प्रो। गिरीश चन्द त्रिपाठी, वाइसचांसलर बीएचयू

मतदान हमारा अधिकार और जिम्मेदारी है। इसके जरिए हम अच्छी सरकार चुनते हैं। हमारी अपील है कि लोकतंत्र के इस पर्व में सभी अपनी सहभागिता करें। खुद के साथ दूसरों को भी मतदान केन्द्र तक ले जाएं वोट डालने के लिए।

नितिन तिवारी, एसएसपी

सभी शहर वालों से अपील है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह मुल्क और प्रदेश की तरक्की के लिए जरूरी है। सिर्फ इतना ही नहीं खुद वोट डालने के साथ दूसरों को भी प्रेरित करें।

अब्दुल बातिन नोमानी, मुफ्ती ए शहर

मतदान हमारा अधिकार और नैतिक जिम्मेदारी है। वोट देकर हम अपने पसंद की सरकार चुनते हैं। कम मतदान की वजह से गलत और अस्थिर सरकार चुनी जाती है। जिसका खामियाजा सबको भुगतना पड़ता है। मेरी अपील है कि हर कोई मतदान करे।

प्रो। विश्वम्भर नाथ मिश्र, महंत संकटमोचन