- आप की परवीन अमानुल्लाह के साथ-साथ पाटलिपुत्रा के कई कैंडिडेंट्स ने भरा पर्चा

- आम आदमी पार्टी के मेंबर ने किया प्रदर्शन, परवीन को कहा भ्रष्टाचारी और दल बदलू

PATNA (24 March) : आप की परवीन अमानुल्लाह सहित पांच अन्य कैंडिडेट्स ने पटना साहिब और पाटलिपुत्रा लोकसभा सीट से अपना पर्चा भरा। इससे पहले ग्यारह बजे के करीब आप पार्टी के मनीष सिसोदिया के साथ परवीन अमानुल्लाह जैसे ही राजापुर पुल के पास पहुंची कि उनका विरोध शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने पहले तो हंगामा किया फिर सड़क पर ही सो गए और विरोध करने लगे। विरोध के इस अंदाज को देखते हुए मनीष सिसोदिया ने रास्ता बदलने को कहा और इसके बाद वो किसी तरह गांधी मैदान की ओर निकले। लेकिन पहले से तैनात आप के लोगों ने एक बार फिर से परवीन अमानुल्लाह और मनीष सिसोदिया के सामने आकर नारेबाजी करने लगे।

दिखाया काला झंडा

परवीन अमानुल्लाह को आप के कैंडिडेट चुने जाने के विरोध में पटना के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इस वजह से जैसे ही परवीन अमानुल्लाह नामांकन के लिए निकलीं तो लोगों ने विरोध किया। आप की कार्यकर्ता रेखा मोदी ने कहा कि पार्टी ने गलत कैंडिडेट को चुन लिया है। ये खुद भ्रष्टाचारी और दल बदलू है। वहीं परवीन अमानुल्लाह ने डीएम सह निर्वाचन पदाधिकारी के सामने अपना पर्चा भरा। इस दौरान पार्टी के वर्कर ने अपने लोकसभा कैंडिडेट को ही काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया है।

मीसा आज भरेंगी पर्चा

इसके अलावा पटना साहिब से बहुजन मुक्ति पार्टी से चंद्रभूषण प्रसाद चंद्रवंशी, पाटलिपुत्र से निर्दलीय वैद्य डॉ। रामेश्वर राम, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के पंचम लाल, इंडिपेंडेंट असगर और दुर्गेश नंदन सिंह ने भी पर्चा भरा। वहीं मंगलवार को राजद के पाटलिपुत्र कैंडिडेट मीसा भारती अपना पर्चा भरेंगी। सोर्सेज की मानें तो बीजेपी की ओर से राम कृपाल भी पर्चा भर सकते हैं। इसके अलावा पाटलिपुत्रा से जेडीयू कैंडिडेट डॉ। गोपाल प्रसाद सिन्हा भी पर्चा भर सकते हैं।