-बिजली के लिए उपभोक्ताओं को रुलाने वाले सभी ट्रांसफॉर्मर को चेंज कर लगाया जाएगा नया ट्रांसफॉर्मर

-इसके बाद भी यदि किसी एरिया के ट्रांसफॉर्मर में आई खराबी तो एक्सईएन से मांगा जाएगा जवाब

VARANASI

अगर आपके एरिया में बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफॉर्मर आए दिन खराब रहता है या ओवर लोडिंग के चलते बार-बार जल जाता है तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आपकी यह समस्या जल्द दूर हो जाएगी। दरअसल शासन ने खराब ट्रांसफॉर्मर्स को हटाने और लगातार ट्रिप करने वाले ट्रांसफॉर्मर्स को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। बिजली के लिए उपभोक्ताओं को रुलाने वाले सभी ट्रांसफॉर्मर को चेंज कर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। इसके बाद भी यदि किसी एरिया के ट्रांसफॉर्मर में खराबी आती है या वह बार-बार जल जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित उपखंड के एक्सईएन की होगी। शिकायत मिलते ही उनसे जवाब मांगा जाएगा।

ऊर्जा मंत्री ने मांगा प्रपोजल

पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम की ओर से शहर के सभी खराब ट्रांसफॉर्मर बदले जाएंगे। इसके लिए शासन की ओर से सहमती भी मिल चुकी है। पिछले दिनों प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने वीडियो के जरिए पीवीवीएलएल अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वह जिले में जरूरत के अनुसार ट्रांसफॉर्मरों का प्रस्ताव बनाकर भेजें। जल्द ही नए ट्रांसफॉर्मर्स की व्यवस्था करायी जाएगी। उस दौरान उन्होंने बार-बार ट्रांसफॉर्मर जलने की शिकायत पर नाराजगी जतायी और कहां कि इतनी शिकायत मिलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जवाद देंगे अधिशासी अभियंता

पीवीवीएलएल के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के दौरान ऊर्जा मंत्री ने कई जिम्मेदार अफसरों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ट्रांसफॉर्मर के एक से अधिक बार जलने या ओवर लोडिंग के चलते ट्रिपिंग की समस्या पर सीधे अधिशासी अभियंता की जवाबदेही होगी। उन्होंने पीवीवीएलएल के सभी उपखंड के अधिशासी अभियंताओं से कहा कि ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत इस तरह करवाएं कि उनके खराब होने की संभावना ही न रहे। ओवर लोडिंग को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाएं।

ऊर्जा मंत्री के आदेश पर अमल हो रहा है। जल्द ही ट्रांसफॉर्मर मंगाने का प्रपोजल तैयार कर भेजा जाएगा। जरूरत के मुताबिक ट्रांसफॉर्मर्स को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात हो रही है।

आशीष अस्थाना, एसई