-कर्मचारी व जेई के विवाद ने पकड़ा तूल

-मंडल के कर्मी अवकाश पर जाने से बिजली निगम का कार्य प्रभावित

-कंज्यूमर्स के बिल का सुधार, कनेक्शन फिडिंग का कार्य ठप

GORAKHPUR: सूरजकुंड के जेई सुनील यादव के स्थानांतरण की मांग को लेकर विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के आहृान पर पूरे मंडल के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। कर्मचारियों के अवकाश पर जाने के कारण बिजली निगम के दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा। बिल सुधार और ऑफिस से जुड़े अन्य कार्यो के लिए कंज्यूमर्स इधर-उधर भटकते रहे।

बक्शीपुर में ऑफिस सहायक मानेदय अमरनाथ चौबे की पिटाई के मामले में कर्मचारी आरोपित जेई सुनील यादव के स्थानांतरण की मांग कर रहे हैं। चीफ इंजीनियर ऑफिस पर कर्मचारियों ने दो दिन धरना भी दिया था। चीफ इंजीनियर ने कर्मचारियों से समय मांगा तो उन्होंने सामूहिक अवकाश पर जाने का एलान कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि अफसर हकीकत को नजरअंदाज कर रहे हैं। जेई ने ऑफिस सहायक को पीटा लेकिन अफसर आरोपित का ही पक्ष ले रहे हैं। कुछ समय पहले टाउन हाल उपकेंद्र पर ही कर्मचारी को पीटा गया था। उस समय भी अफसरों ने जेई का ही पक्ष लिया था। कहा कि देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज में काम नहीं हुआ।

एसी खुली छोड़कर चले गए कर्मचारी

अधिशासी अभियंता हवालदार रावत के ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी कमरे की एसी, लाइट और पंखा खुला छोड़कर चले गए। कर्मचारियों की हरकत पर आए कंज्यूमर्स ने नाराजगी जताई। कहा कि जब बिजली कर्मी ही ऊर्जा का सदुपयोग नहीं करेंगे तो आम लोगों में गलत संदेश जाएगा।

चीफ इंजीनियर ने की मीटिंग

कर्मचारियों के अवकाश पर चले जाने से उत्पन्न हुई स्थितियों के मद्देनजर चीफ इंजीनियर एमके अग्रवाल ने बुधवार दोपहर सभी अधीक्षण अभियंताओं के साथ बैठक की। कहा कि राजस्व वसूली का कार्य पूरी तरह चल रहा है। बिल काउंटर खुले हुए हैं। इस दौरान अधीक्षण अभियंता शहर एके सिंह, अधीक्षण अभियंता रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।