JAMSHEDPUR: रविवार की शाम को चार बजे शहर में आए आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। शहर के सभी पावर सब स्टेशन में तकनीकी खराबी आई और कई जगह पेड़ गिरने से तार टूट गए। उलियान पावर सब स्टेशन पर एक मोबाइल टावर गिर गया। इससे पावर सब स्टेशन ने काम करना बंद कर दिया। पावर सब स्टेशनों में तकनीकी खराबी और तार आदि टूटने की वजह से शहर के गैर कंपनी इलाकों मानगो, बिरसानगर, जुगसलाई, शास्त्रीनगर, कदमा, सोनारी, छोटा गोविंदपुर, बागबेड़ा, करनडीह आदि इलाके में चार बजे शाम से बिजली गुल रही। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के इंजीनियर देर रात तक फाल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे लेकिन, बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

मोबाइल टावर गिरा

उलियान पावर सब स्टेशन परिसर में एक मोबाइल कंपनी का टावर लगा हुआ है। तेज आंधी की चपेट में आने से ये टावर गिर गया। इससे उलियान पावर सब स्टेशन गिरने से काफी नुकसान हुआ। पावर सब स्टेशन के काम करना बंद करने से इलाके की बत्ती गुल हो गई। काफी मशक्कत के बाद टावर हटाया गया। टावर की चपेट में आने से जो मशीनें टूटी थीं, उनको बदल दिया गया। इसके बाद भी यहां रात 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इंजीनियरों को 33 केवीए में फाल्ट का पता चला। लेकिन, इंजीनियर फाल्ट नहीं खोज पा रहे थे। यही हाल, जुगसलाई का था। जुगसलाई में भी फाल्ट से बिजली आपूर्ति शाम चार बजे से ठप हो गई। इसी तरह, बिरसानगर, छोटा गोविंदपुर, करनडीह आदि इलाके में भी बिजली आपूर्ति नहीं चालू की जा सकी। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि इंजीनियरों ने काफी मशक्कत कर आठ बजे तक मानगो, पारडीह काली मंदिर और बिरसानगर पावर सब स्टेशन से हाई टेंशन लाइन में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी थी।