RANCHI : रांची के खेलगांव में अंतर जिला स्कूल कुश्ती प्रतियोगिता में खूंटी टीम का नेतृत्व करनेवाली 13 वर्षीया पन्नू कुमारी ने सोमवार की शाम पांच बजे फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। पन्नू मुरहू के सरनाटोली बिचना स्थित लुथरान हाई स्कूल में नौंवी की छात्रा थी। उसकी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। न ही कोई सुसाइड नोट ही मिला है। इस संबंध में मुरहू थाने में यूडी केस का मामला दर्ज किया गया है।

यह है मामला

मृतका के पिता बिरसा लोहरा ने बताया कि सोमवार की सुबह से लेकर चार बजे तक पूरा परिवार खेती के काम में जुटा हुआ था। इसी बीच पन्नू ने खेत से एक झोला उठाया और बिना किसी को बताए भागते हुए घर आ गई। एक घंटे बाद जब परिजन घर आए, तो दरवाजा सटा हुआ था। दरवाजा खोलकर परिजन जैसे ही घर के अंदर गए तो देखा कि पन्नू कुमारी छत के धरना (छत की मोटी लकड़ी) से फांसी के फंदे से लटकी हुई है। उससे तत्काल धरना से उतारा गया, पर तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।

रांची से लौटने के बाद रहती थी खोई-खोई

बिरसा लोहरा ने बताया कि पन्नू 31 अक्टूबर को रांची के खेलगांव में आयोजित अंतर जिला स्कूल कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद रविवार को ही रांची से लौटी थी। इसके बाद से ही वह थोड़ी खोई-खोई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पन्नू जिलास्तरीय कई कुश्ती प्रतियोगिताओं में खेल चुकी थी।

पांच भाई-बहन में थी तीसरे नंबर पर

बिरसा लोहरा ने बताया कि उसके कुल पांच संतान हैं। इसमें बड़ा बेटा किसना लोहरा, बड़ी बेटी लाली कुमारी, मृतका पन्नू कुमारी, बेटी ज्योति कुमारी और छोटी बेटी छोटी कुमारी शामिल हैं। बिरसा लोहरा की आíथक स्थिति दयनीय है।