- ग्रामीणों ने घायल बदमाश को किया पुलिस के हवाले

- मंढियाई गांव में लूटपाट के इरादे से एक घर में घुसे थे बदमाश

Sardhana : मंढियाई गांव में सोमवार देर रात लूटपाट के इरादे से एक घर में घुसे लगभग आधा दर्जन बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने एक युवक को तमंचे की बट से सिर में वार कर गंभीर घायल कर दिया। पीछा कर रहे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने फाय¨रग की। जिसमें उनके ही एक साथी को पैर में गोली लग गई। उसे छोड़कर बाकी बदमाश फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

यह है मामला

मंढियाई गांव निवासी आसिफ खान पुत्र शब्बीर खां सोमवार देर रात अपनी मां इरशादी बेगम के साथ घर के आंगन में सोए हुए थे। उसी समय लगभग डेढ़ बजे लगभग आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश घर के पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गए। बदमाशों ने चारपाई पर सो रहे आसिफ खां को दबोचने का प्रयास किया। जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने तमंचे की बट से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर घायल कर दिया। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य व ग्रामीण जाग गए। जिस पर बदमाश मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी बीच बदमाशों ने पीछा कर रहे ग्रामीणों और पुलिस पर फाय¨रग कर दी और फरार हो गए।

बदमाश अस्पताल में भर्ती

कुछ दूर जाकर ग्रामीणों को एक बदमाश घायल अवस्था में पड़ा मिला। बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने घायल बदमाश को सरधना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में उसने अपना नाम सद्दाम पुत्र इकरामुद्दीन निवासी गांव सुहाना थाना निवाड़ी (गाजियाबाद) बताया है। पुलिस ने उसके साथियों की भी जानकारी ली है। बदमाश को पुलिस ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इस संबध में आसिफ ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।