किशोरी को घर में घुसकर विरोध पर पीटा था, अब फंसा

ALLAHABAD: दारागंज थाना क्षेत्र के बक्शी कला मोहल्ले में रहने वाली एक किशोरी से न सिर्फ छेड़खानी की गई, बल्कि विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई भी की गई। घटना के बाद किशोरी के परिवार वालों ने पड़ोसी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

नशे में था महेश निषाद

घटना शुक्रवार रात की है। दारागंज क्षेत्र के बक्शी कला निवासी एक शख्स सब्जी का कारोबार करता है। उसकी 14 वर्षीय बेटी लाइट न होने के कारण घर के बरामदे में सो रही थी। परिवार वालों का आरोप है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पड़ोस का रहने वाला महेश निषाद नशे की हालत में घर में घुस आया। वह बेटी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। जब किशोरी ने विरोध किया तो महेश ने उसकी पिटाई कर दी। शोर मचने पर आरोपी वहां से भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पुलिस मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस किशोरी के साथ गलत करने वाले को छोड़ेगी नहीं।

कमलेश कुमार, इंस्पेक्टर दारागंज