RANCHI : नामकुम स्थित ईएसआई मॉडल हॉस्पिटल को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा। यहां बेड की क्षमता को 50 से बढ़कार 200 किया जाएगा। ईएसआईसी के कोडरमा, हजारीबाग और बोकारो समेत राज्य के सभी 16 डिस्पेंसरी को भी छह बेड के हॉस्पिटल में अपग्रेड किया जाएगा। जमशेदपुर के आदित्यपुर स्थित ईएसआईसी हॉस्पिटल में भी बेड की संख्या बढ़ाकर सौ की जाएगी। रांची दौरे पर आए केंद्रीय श्रम एवं प्रशिक्षण राज्य मंत्री बंडारू दतात्रेय ने यह घोषणा की। केंद्रीय श्रम मंत्री के साथ बैठक में राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार, श्रम विभाग की प्रिंसिपल सेक्रेटरी मृदुला सिन्हा और श्रम आयुक्त प्रवीण टोप्पो समेत कई अधिकारी मौजूद थे। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

रखी गई कई मांगें

राज्य के श्रम मंत्री राज पालिवार ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष कई मांगें रखी। उन्होंने कहा कि खनन एवं निर्माण क्षेत्र के मजदूरों को भी संगठित क्षेत्र मे शामिल किया किया जाए। इसी तरह बीड़ी पत्ता चुनने व बीडी बनाने वाले कामगारों व स्टोन क्रशर के मजदूरों को भी श्रम कानून का लाभ मिलना चाहिए।

रजिस्ट्रेशन के लिए लगेगा कैंप

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दतात्रेय को बताया कि श्रम कानूनों का लाभ श्रमिकों को मिले, इसके लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। श्रम सुधार को लागू करने वाला झारखंड पहला राज्य है। विश्व बैंक सहित कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने झारखंड के इस पहल की प्रशंसा की है। सीएम ने श्रम विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया कि राज्य के असंगठित मजदूरों के निबंधन के लिए स्पेशल कैंप लगाएं।