ranchi@inext.co.in
RANCHI : इन दिनों मनचले सोशल साइट फेसबुक के इनबॉक्स में छेड़खानी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। फेसबुक पर महिला की तस्वीर अपलोड होते ही ये लोग सीधे तौर पर नहीं, बल्कि इनबॉक्स में जाकर भद्दे कमेंट्स कर डालते हैं। इससे रांची की कई महिलाएं परेशान हैं। इन्हीं महिलाओं में एक मानव तस्करी के खिलाफ काम करने वाली सीता दीया भी शामिल हैं, जिनके फेसबुक इनबॉक्स में घुसकर कई मनचलों ने अश्लील पोस्ट डाले। इस पर सीता दीया ने कई को ब्लॉक भी किया है। इस संबंध में वह साइबर थाने भी जाएंगी और शिकायत दर्ज करवाएंगी।

10 लोगों को किया ब्लॉक
सीता दीया ने फेसबुक इनबॉक्स पर इनवाइट करनेवाले दस लोगों को ब्लॉक किया है। साथ ही साथ उन्हें चेतावनी दी गई कि दोबारा उन्हें इस तरह संपर्क नहीं किया जाए, जो भी सोशल साइट्स पर सामने आए और अपने विचार रखें।

सोशल साइट्स पर महिलाओं को डर
फेसबुक के इनबॉक्स में गंदे मैसेज समेत अन्य मामलों में महिलाओं को अब डर लगने लगा है। महिलाओं ने कहा है कि क्या पता कब उनके इनबॉक्स में घुसकर गंदी चीजें और मैसेज डाल दे। साइबर थाने में इस तरह के कई मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें फेसबुक एकाउंट हैक कर उसे वायरल करना, किसी की तस्वीर को दूसरे के साथ अटैच कर वायरल कर देना या सोशल साइटस पर बदनाम करने की धमकी देने से संबंधित कई मामले हैं, जिनकी साइबर पुलिस जांच कर रही है।

केस-1

बहन की सहेली को भेजा अश्लील फोटो

एक युवक ने अपने ही बहन की सहेली का फेसबुक अकाउंट हैक किया। फिर साइट पर जाकर अश्लील फोटो डाल दी। अश्लील फोटो वायरल होने की जानकारी जब युवती को मिली तो वह साइबर थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

केस-2

तस्वीर देख महिला से बदतमीजी की

एक महिला हाल ही में अपनी तस्वीर फेसबुक पर डाली। साथ ही साथ उसे इंस्टग्राम समेत अन्य साइट्स पर भी डाला। एक युवक उस महिला से बदतमीजी के साथ पेश आया और उसके पास बदतमीजी भरे मैसेज भेजे।