- कॉलेज से घर लौट रही थी छात्रा

- गुलरिहा एरिया के शेखपुरवा की घटना

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया में बाइक सवार शोहदों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर छात्रा को पीटकर उसके पैरों पर बाइक चढ़ा दी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। छात्रा की सूचना पर आरोपी युवक और उसके सहयोगी की पुलिस तलाश कर रही है।

बहन के घर रहकर पढ़ती है युवती

पिपराइच एरिया की एक युवती की बड़ी बहन की शादी गुलरिहा एरिया में हुई है। युवती बहन के घर रहकर क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज से एमए कर रही है। वह रोजाना पैदल ही घर से आती-जाती है। शुक्रवार दोपहर वह कॉलेज से घर लौट रही थी। रास्ते में मिले शोहदों ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी।

विरोध पर मारा थप्पड़

आरोप है कि युवती पैदल घर जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक सवार युवक अपने दोस्त के साथ मिल गया। युवती का पीछा करके वह फब्तियां कसने लगा। पहले तो युवती ने उसकी हरकतों को नजर अंदाज किया। लेकिन इसके बाद भी युवक नहीं माने तो विरोध जताने लगी। इस पर बाइक सवार मनबढ़ युवक बिफर गए। उन लोगों ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया। शोर मचाने पर लोग आने लगे तो उसके पैरों पर बाइक चढ़ाकर फरार हो गए।

कई दिन से पड़े थे पीछे

छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक और उसका साथी काफी दिनों से उसके पीछे पड़े हैं। बदनामी के डर से वह उनकी हरकतों का विरोध नहीं कर पा रही थी। लेकिन शुक्रवार को मनबढ़ों ने हद कर दी। ज्यादती होने पर युवती ने विरोध जताया तो मामला सामने आया। उसने बंजरहा निवासी युवक और उसके सहयोगी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

वर्जन

आरोपी युवक और उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है। दोनों के खिलाफ तहरीर मिली थी। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- राकेश सिंह यादव, एसओ गुलरिहा