- बलदेव प्लाजा के पास हुई घटन

- कैंट थाना में दो के खिलाफ केस दर्ज

GORAKHPUR: गोलघर में शोहदों ने छात्रा से छेड़छाड़ की। विरोध जताने पर पिटाई कर फरार हो गए। पुलिस से शिकायत करने पर शोहदे जानमाल की धमकी दे रहे हैं। छात्रा की शिकायत पर कैंट पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपियों ने 15 दिन पहले शाहपुर स्थित उसके घर जाकर हत्या की धमकी दी थी। कड़ी कार्रवाई न होने से शोहदे लगातार किशोरी को परेशान कर रहे हैं।

टेंपो का इंतजार कर रही थी किशोरी

शाहपुर एरिया की एक युवती सिविल लाइंस के एक कॉलेज में बीए फ‌र्स्ट ईयर की छात्रा है। गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कॉलेज से निकलकर वह टेंपो पकड़ने गोलघर पहुंची। बलदेव प्लाजा के पास वह टेंपो का इंतजार करने लगी। तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। छात्रा को पीटकर फरार हो गए।

छात्रा ने दी पुलिस को सूचना दी

युवकों की हरकत की शिकायत छात्रा ने पुलिस से की। बताया कि गीडा निवासी शिवम मिश्रा अपने साथी अंजनी और एक अन्य युवक के साथ पहुंचा था। छात्रा की तहरीर पर कैंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, धमकी देने का केस दर्ज कर लिया। जांच में सामने आया कि इसके पहले वह किशोरी और उसके परिवार के लोगों को जानमाल की धमकी दे चुका है। शोहदे ने तेजाब से जलाने की धमकी दी थी। इसका मुकदमा पहले से शाहपुर में दर्ज है। लेकिन पुलिस की लापरवाही से आरोपी पकड़ने नहीं जा सके।