GORAKHPUR: सहजनवा इलाके के एक गांव में सोमवार रात एक मनबढ़ विधवा महिला के घर में घुस कर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर वह महिला के ऊपर केरोसिन का तेल डालकर जलाने की कोशिश की। महिला किसी प्रकार अपने को एक बंद कमरे में बंद कर घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

घर में अकेले रहती है विधवा

महिला के पति का देहान्त कुछ वर्ष पहले हो गया था। वह अकेले घर रहती है। पड़ोस का ही एक युवक महिला पर बुरी नजर रखता है। सोमवार रात महिला घर में सोई हुई थी। युवक मौका देख कर घर में घुस गया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। महिला के विरोध करने पर वह केरोसिन तेल डालकर जलाने की कोशिश किया। इस बीच वह किसी प्रकार अपने को कमरे में बंद कर सुरक्षित किया और घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। तीन काल के बाद फोन उठने पर पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मी को आपबीती बताई। आरोप है कि 100 नंबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के आरोप के बाद भी वह बिना कार्रवाई चली गई। मंगलवार को पीडि़त महिला तहसील दिवस पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई। अधिकारियों के निर्देश के बाद सहजनवा पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी।