- पीपीगंज एरिया के रामूघाट में शनिवार की रात हुई घटना

- एक विधायक का रिश्तेदार बताने वाले दबंगों पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

GORAKHPUR: पीपीगंज एरिया के रामूघाट में रामलीला के दौरान महिलाओं से बदसलूकी की गई। खुद को एक विधायक का रिश्तेदार बताने वाले दबंगों ने आयोजन समिति के सदस्यों और उनके परिवार के लोगों को पीटकर घायल कर दिया। गंभीर हाल आयोजक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसएसपी को पत्र देकर पीडि़त परिवार ने कार्रवाई की गुहार लगाई है। मारपीट के बाद आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय पुलिस ने यज्ञ ही बंद करा दिया। पीडि़त पक्ष ने प्रधान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

शनिवार की रात पहुंचे थे दबंग

हर साल रामूघाट में महायज्ञ और रामलीला का आयोजन किया जाता है। इस बार भी 20 मार्च को कार्यक्रम शुरू हुआ है। शनिवार की रात रामलीला चल रही थी तभी गांव के कुछ मनबढ़ युवक पहुंचे। उन लोगों ने महिलाओं और युवतियों से बदसलूकी शुरू कर दी। आयोजन समिति के सदस्यों उनको रोका-टोका तो युवक विवाद में उतारू हो गए। धीरे-धीरे मामला बढ़ गया। प्रधान भी आरोपियों के पक्ष में आ गए।

कार्रवाई नहीं करने का आरोप

कार्यक्रम के आयोजक जनार्दन त्रिपाठी ने भी हस्तक्षेप किया। आरोप है कि इससे नाराज होकर दबंगों ने जनार्दन के घर पर धावा बोल दिया। महिलाओं और बच्चों को भी पीटकर गहने लूट ले गए। हमले में जनार्दन की हालत खराब हो गई। परिजनों ने उनको मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया। गांव में विवाद होने पर पुलिस ने जबरन कार्यक्रम बंद करा दिया। 28 मार्च को खत्म होने वाले महायज्ञ को बंद कराने से गांव के लोगों में आक्रोश है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि खुद को विधायक का रिश्तेदार बताने वाले दबंग आए दिन मनबढ़ई करते हैं।