-वाणिज्य कर विभाग का पोर्टल ठप रहने से व्यापारी परेशान, मुंबई की तर्ज पर ई-वे बिल लागू करने की मांग

-कहा, सरकार पहले सिस्टम सही करें उसके बाद लागू करें ई-वे बिल

-राहत न मिलने पर आंदोलन करने की दी चेतावनी

पास हुए ई-वे-बिल व एफडीआई के विरोध में व्यापारियों का स्वर मुखर होने लगा है। जीएसटी की विसंगतियों से व्यापारी अभी उबर नहीं पाए थे कि सरकार ने ई-वे बिल लागू कर व्यापार को जाम कर दिया। जगह-जगह व्यापारी बैठक, सभा कर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। व्यापारियों की मांग है कि मुंबई की तर्ज पर ई-वे बिल में राहत दे सरकार, नहीं तो वे सड़क पर उतरेंगे। कहा कि वाणिज्य कर विभाग का पोर्टल हमेशा ठप रहता है। ऐसे में सरकार को पहले सिस्टम सही करना चाहिए था। बताया कि मुंबई में अप्रैल तक ढील दी गई है क्योंकि वहां का पोर्टल काम नहीं कर रहा है।

आंदोलन की बनी रणनीति

महानगर उद्योग व्यापार मंडल ने तो ई-वे बिल व एफडीआई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन को धार देने के लिए नगर के व्यापारी रविवार को नदेसर स्थित एक होटल में जुटे। मंडल के संरक्षक आरके चौधरी ने ऐलान किया कि यदि ई-वे बिल व एफडीआई में सरकार सुधार नहीं करती है तो व्यापारी सड़क पर उतरेंगे। कहा कि एफडीआई के आने से सारा कारोबार समाप्त हो जाएगा। अगर शत-प्रतिशत एफडीआई लागू किया गया तो व्यापारी आंदोलन करेंगे। सरकार से मांग है कि महाराष्ट्र की तर्ज पर यहां पर भी ई-वे बिल को लागू किया जाए। प्रदेश में 80 लाख व्यापारी पंजीकृत हैं। अभी तक सिर्फ 8 लाख व्यापारी ही ई-वे बिल लोड कर पाए हैं। बाकी व्यापारी इसको लेकर परेशान हैं। सरकार से अपील है कि पहले सिस्टम ठीक करे फिर इसे लागू करे।

छह संगठनों ने मिलाया हाथ

सिटी के छह संगठनों ने महानगर उद्योग व्यापार मंडल पर भरोसा जताया है। इसमें दशाश्वमेध व्यापार मंडल, चेतगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष लालबालू जायसवाल, पहडि़या प्रगतिशील व्यवसायी संघ के अध्यक्ष प्रदीप चौबे, मंडुवाडीह व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय गुप्ता, महामंत्री काशीनाथ गुप्ता, वाराणसी किराना व्यापार समिति के अध्यक्ष मनोज पांडेय व महामंत्री अशोक कसेरा, वाराणसी मोबाइल समिति के अध्यक्ष डॉ। अंजनी मिश्रा व महामंत्री अमित सिंह, जरी व्यापार मंडल के संरक्षक घनश्याम जायसवाल, अध्यक्ष रामप्रकाश व महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता शामिल हैं।

महिला व्यापार मंडल का गठन

महानगर उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक आरके चौधरी व अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने रश्मि अग्रवाल को महानगर महिला व्यापार मंडल का अध्यक्ष, सुमन सिंह को महामंत्री, सोनिया डिडवानिया उपाध्यक्ष व दीपा गुप्ता को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा। इस दौरान श्रीनारायण खेमका, अशोक जायसवाल, अनुज डिडवानिया, अजय गुप्ता, रजनीश कन्नौजिया, चंदन विश्वकर्मा, गोकुल शर्मा, रुद्र प्रताप सिंह, आनंद सोनकर आदि थे।