दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस का छापा

सुबह पांच बजे 12 सदस्यीय टीम पहुंची आप कार्यकर्ता के घर

- दिल्ली पुलिस पर 'आप' कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप

- शुक्रवार को आगरा आए थे सोमनाथ भारती

- पत्नी ने मंत्री के खिलाफ दर्ज कराया है घरेलू हिंसा का मामला

आगरा। दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री कानून के डर से भाग निकले, दिल्ली पुलिस उनको तलाशती रही, लेकिन वे अपनी गिरफ्तारी की भनक लगते ही सोमवार की रात को निकल गए। मंगलवार को दिल्ली के द्वारका नॉर्थ थाने की पुलिस ने आगरा में छापा मारा। सुबह पांच बजे दिल्ली पुलिस ने सबसे पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े कपिल बाजपेई के सेक्टर-एक स्थित आवास पर छापा मारा। यहां 12 सदस्यीय दिल्ली पुलिस की टीम ने आम आदमी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य सुधीर भारद्वाज और कपिल बाजपेई से पूछताछ की। पार्टी सूत्रों के अनुसार टीम ने दोनों को बंधक बना लिया। आरोप है कि टीम ने उनके साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर सुबह नौ बजे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करना शुरु कर दिया। सूचना पाकर थाना जगदीशपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पार्टी कार्यालय पहुंची दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस के कुछ सदस्य कपिल बाजपेई के घर रहे, जबकि कुछ बोदला स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय पहुंच गए। पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। घंटों पूछताछ की। लेकिन टीम के हाथ कुछ भी नहीं लगा।

बिना लोकल पुलिस को सूचना दिए मारा छापा

दिल्ली के द्वारका नॉर्थ थाने के इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में तकरीबन दर्जन भर पुलिस कर्मियों ने सादा वर्दी में बिना लोकल पुलिस को सूचना दिए छापा मारा। सुबह पांच बजे दो दिल्ली की गाडि़यों से दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची। इसमें एक स्विफ्ट कार और दूसरी स्कॉर्पियो शामिल थी। टीम ने अपहर्ताओं की स्टाइल में घर पर छापा मारा।

शुक्रवार से सिटी में रुके थे सोमनाथ भारती

दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती शुक्रवार की शाम को आगरा में आए थे। वे इस दौरान कपिल बाजपेई के घर रुके। उन्होंने पार्टी कार्यालय भी रहे। इस बारे में पार्टी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने तो पार्टी नाते उनका स्वागत सत्कार किया। कोर्ट का आदेश बाद मे जारी हुआ है।

भनक लगते ही सोमवार की रात निकल गए

कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होते ही वे सोमवार की रात को आगरा से निकल गए। वे तीन दिन तक आगरा में रहे। किसी को इस बात की खबर तक नहीं लगी। कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होते ही पुलिस ने आगरा में छापा मारा। सूत्रों के अनुसार सोमनाथ भारती अपने साथ एक कार्यकर्ता का मोबाइल भी लिए जाने की खबर है।

क्या है मामला

आम आदमी पार्टी के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी लिपिका मित्रा ने दिल्ली के द्वारका नॉर्थ थाने में घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सात जुलाई 2015 को कोर्ट ने भारती की एंटीसिपेटरी बेल याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने सोमनाथ भारती के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए।

गिरफ्तारी पर दो दिन के लिए लगी रोक

सूत्रों के अनुसार कोर्ट ने उनकी ओर से दायर की याचिका पर दो दिन तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

वर्जन

दिल्ली पुलिस की टीम आई थी, यहां टीम ने आम आदमी पार्टी कार्यालय पर पूछताछ की थी। वे दोपहर 12 बजे थाने आए थे।

-तेजबहादुर यादव, प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुरा