हाथी के बाद अब हाथ का भी छोड़ा साथ

आगाज-2017 का प्रभाव कर गया काम

ALLAHABAD: चुनावी समर में दल-बदल की राजनीति के बीच शुक्रवार को आखिरकार पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी अपनी पत्नी मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो हो गए। दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में पति-पत्नी ने उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही अब दोनों नेताओं ने विधानसभा चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। शहर दक्षिणी सीट से मेयर अभिलाषा गुप्ता का टिकट करीब-करीब फाइनल माना जा रहा है।

कांग्रेस को दिया झटका

2007 में बसपा के टिकट पर शहर दक्षिणी से चुनाव लड़ने वाले बिजनेसमैन नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भाजपा प्रत्याशी केसरी नाथ त्रिपाठी को हराकर सबको चौंका दिया। इस पर पार्टी ने उन्हें कैबिनेट मंत्री भी बनाया। 2012 में बाजी पलट गई और नंदी को परवेज अहमद टंकी ने शिकस्त देकर इस सीट को सपा की झोली में डाल दिया। इसके बाद नंदी ने पार्टी बदलने की सोची और भाजपा की तरफ हाथ बढ़ाया लेकिन वहां से रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाना और 2014 में लोकसभा चुनाव में उतरे। लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाग्य आजमाया लेकिन मोदी लहर में हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस ने दिया था बड़ा जिम्मा

चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस ने नंदी पर पूरा भरोसा जताया और मंडल चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी थी। नंदी इससे संतुष्ट नहीं थे। अपनी ताकत का एहसास कराने के लिए ही उन्होंने इसी महीने व्यापारियों का बड़ा सम्मेलन आगाज-2017 का आयोजन कराया। प्रोग्राम के चीफ गेस्ट राज्यसभा सदस्य डॉ। सुभाष चंद्रा ने उनकी बात दिल्ली तक पहुंचाने का आश्वासन दिया था। माना जा रहा है कि नंदी के साथ उनकी पत्‍‌नी का भाजपा ज्वाइन करना इसी समीकरण से संभव हुआ।

बाक्स

नई पारी शुरू करेंगी मेयर

पूर्व मंत्री नंदी तो पहले बसपा फिर कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन मेयर अभिलाषा गुप्ता ने किसी पार्टी की सदस्यता ग्रहण नहीं की। भाजपा के प्रति उनका झुकाव पिछले कई महीनों से दिखने लगा था। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की मीटिंग में आए प्रधानमंत्री का उन्होंने जोरदार तरीके से स्वागत किया था। उस दौरान ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार मेयर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ही ली।